भोपाल (07 अगस्त 26)। सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के उद्देश्य से पुलिस लाइन कम्युनिटी हॉल, भोपाल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के पांचवें दिन प्रशिक्षणार्थियों को तनाव प्रबंधन, सॉफ्ट स्किल, सुरक्षा योजना, सोशल मीडिया एवं मीडिया प्रबंधन तथा अस्थायी थानों की कार्यप्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान आने वाली विभिन्न चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए व्यावहारिक एवं व्यावसायिक रूप से तैयार करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक डॉ. विनीत कपूर ने 'सॉफ्ट स्किल (तनाव प्रबंधन)' विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि सिंहस्थ जैसे विशाल आयोजन में पुलिस बल को अत्यधिक दबाव एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी धैर्य, संयम एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना होता है। उन्होंने संकट की परिस्थितियों में शांतचित्त रहकर निर्णय लेने, प्रभावी संवाद स्थापित करने, टीम भावना के साथ कार्य करने तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। साथ ही श्रद्धालुओं, विदेशी पर्यटकों एवं व्हीवीआईपी के साथ शालीन, संवेदनशील एवं पेशेवर व्यवहार अपनाने के महत्व पर विशेष बल दिया।
इसके उपरांत नगरीय पुलिस भोपाल के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान ने सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं प्रिंट मीडिया प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सिंहस्थ मेले के दौरान सूचनाओं के त्वरित एवं प्रमाणिक प्रसारण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि किसी भी भ्रामक सूचना अथवा अफवाह का समय रहते प्रभावी खंडन करना तथा सही एवं तथ्यात्मक जानकारी आमजन तक पहुँचाना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, मीडिया समन्वय एवं त्वरित सूचना प्रबंधन की रणनीतियों से प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया गया।