नईदिल्ली (03 नवंबर 25)। भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। अब देश में चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत होने जा रही है। ये ट्रेनें मंजूरी पा चुकी हैं और जल्द ही ट्रायल रन के बाद यात्रियों के लिए शुरू की जाएंगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन नई ट्रेनों के जरिए दक्षिण से उत्तर भारत तक कई प्रमुख राज्यों को जोड़ा जाएगा। फिलहाल देश में चल रही वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 160 से अधिक है, और इन नई सेवाओं के शुरू होने के बाद यह आंकड़ा 164 तक पहुंच जाएगा।
किन रूट्स पर दौड़ेगी नई वंदे भारत ट्रेनें: रेलवे ने जिन चार रूट्स पर नई ट्रेनें चलाने की मंजूरी दी है, वे इस प्रकार हैं- KSR बेंगलुरु-एर्नाकुलम, फिरोजपुर कैंट-दिल्ली,वाराणसी-खजुराहो और लखनऊ-सहारनपुर। इनमें से बेंगलुरु-एर्नाकुलम वंदे भारत की डिटेल्स जारी हो चुकी हैं। रेलवे बोर्ड के नोटिफिकेशन के अनुसार- ट्रेन नंबर 26651 सुबह 5:10 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी और दोपहर 1:50 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 26652 दोपहर 2:20 बजे एर्नाकुलम से चलेगी और रात 11:00 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। यह ट्रेन कृष्णराजपुरम, सेलम, इरोड, तिरुप्पुर, कोयंबटूर, पलक्कड़ और त्रिशूर में रुकेगी।
हर रूट पर बढ़ी वंदे भारत की डिमांड- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वंदे भारत ट्रेनों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2024-25 में इन ट्रेनों की औसत ऑक्यूपेंसी 102.01% रही, जबकि चालू वर्ष 2025-26 के शुरुआती महीनों में यह बढ़कर 105.03% तक पहुंच चुकी है।