मुंबई (31 जनवरी 25)। सोशल मीडिया पर इन दिनों बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान का एक मजेदार वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में आमिर खान आदिमानव के रूप में सड़कों पर घूमते हुए नजर आए। उनका मेकअप इतना रियलिस्टिक था कि सड़क पर चल रहे लोग उन्हें पहचान नहीं पाए। इस वीडियो को देख कर लोग हैरान-परेशान नजर आ रहे थे और कुछ लोग तो घबराकर इधर-उधर भागने लगे। इस वीडियो को देखकर कोई नहीं समझ पाया कि यह आदिमानव के भेष में जो आदमी घूम रहा है, वह असल में बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान हैं। आमिर खान का आदिमानव लुक इतना वास्तविक था कि लोग सच में सोचने लगे थे कि कहीं सच में कोई आदिमानव शहर में आ गया है। हालांकि, जब यह वीडियो वायरल हुआ, तो आमिर खान ने खुद इस प्रैंक का खुलासा किया। बता दें कि आमिर खान ने इससे पहले भी इस तरह के मजेदार प्रैंक किए हैं। हाल ही में आमिर खान के बेटे जुनैद खान ने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की है। जुनैद की फिल्म 'लवयापा' 7 फरवरी को रिलीज हो रही है, जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। आमिर खान का यह मजेदार प्रैंक सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है और उनके फैंस भी इस पर मजेदार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।