Tuesday, 29 Sep 2026

US एयरबेस को उड़ाने की साजिश, 5 संदिग्ध गिरफ्तार

वाशिंगटन (29 सितंबर 26)। ब्रिटेन में अमेरिकी सैन्यकर्मियों और विमानों की मौजूदगी वाले रॉयल एयर फोर्स फेयरफोर्ड अड्डे के पास संदिग्ध आतंकी साजिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच लोगों को आतंकवादी वारदात की तैयारी के संदेह में गिरफ्तार किया है। तीन संदिग्ध वाहनों की सूचना मिलने के बाद शुरू हुई कार्रवाई में आसपास के करीब 85 घरों को एहतियातन खाली कराया गया और सेना के बम निरोधक विशेषज्ञों ने वाहनों की जांच की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन की कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि गिरफ्तार किए गए लोग अमेरिकी सैनिकों और विमानों वाले ब्रिटिश सैन्य अड्डे को बड़ा नुकसान पहुंचाने की तैयारी में थे। शिकागो की यात्रा के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन ने मिलकर काम किया और संदिग्धों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। ट्रंप ने ब्रिटेन में हुई गिरफ्तारी को 'शानदार' कार्रवाई बताया और कहा कि संदिग्ध 'बड़ा नुकसान' करने की कोशिश में थे। हालांकि, ब्रिटिश पुलिस ने अभी तक यह सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है कि गिरफ्तार लोगों की योजना वास्तव में क्या थी या उन्हें पहले से किसी खुफिया निगरानी में रखा गया था।

ब्रिटिश पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 12:45 बजे आपातकालीन सेवा को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध वाहन RAF फेयरफोर्ड की ओर बढ़ रहे हैं। इसके बाद सशस्त्र पुलिसकर्मियों ने ग्लॉस्टरशायर के वेलफोर्ड इलाके में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। शुरुआत में उन्हें विस्फोटक कानून के तहत अपराध के संदेह में पकड़ा गया। बाद में उनके खिलाफ आतंकवादी वारदात की तैयारी करने के संदेह में भी कार्रवाई की गई। ब्रिटिश आतंकवाद रोधी पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों के आसपास करीब 400 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया। सेना की विशेष बम निरोधक इकाई ने वाहनों की जांच की। एहतियात के तौर पर वेलफोर्ड इलाके के करीब 85 घरों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। ब्रिटिश अधिकारियों ने कहा है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और गिरफ्तार किए गए पांचों लोग पुलिस हिरासत में हैं। अधिकारियों ने उनकी गतिविधियों, जानकारी और संभावित मकसद का पता लगाने के लिए कई दिशाओं में जांच शुरू की है।

इस मामले में संभावित ईरानी संबंध की भी जांच की जा रही है, लेकिन ब्रिटिश अधिकारियों ने अभी तक ईरान को इस कथित साजिश के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है। जांच एजेंसियां कई संभावित पहलुओं पर काम कर रही हैं और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की स्थिति में नहीं हैं। RAF फेयरफोर्ड ब्रिटेन का सैन्य अड्डा है, जिसका इस्तेमाल अमेरिकी वायुसेना करती है। ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के दौरान भी इस अड्डे से अमेरिकी सैन्य अभियानों में इस्तेमाल होने वाले विमानों की गतिविधियां हुई हैं। इसी वजह से इस इलाके में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!