दुबई (10 मार्च 25)। भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी- 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया ने 12 साल के बाद दोबारा चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है। भारत ने लगातार दूसरे साल कोई ICC ट्रॉफी पर कब्जा जमाते हुए दुबई में तिरंगा लहराया। इससे पहले भारतीय टीम ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब भी जीता था। टीम इंडिया की जीत में रोहित शर्मा की 76 रन, श्रेयस अय्यर की 48 रन और अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या की 18 रन की कैमियो पारी का भी बड़ा योगदान रहा।
भारत ने कुल तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है। अब भारत चैंपियंस ट्रॉफी को सबसे ज्यादा बार जीतने वाला देश भी बन गया है। बताते चलें कि ऑस्ट्रेलिया ने भी 2 बार चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। भारत ने 2002 में श्रीलंका के साथ चैंपियंस ट्रॉफी साझा की, फिर 2013 में एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने ट्रॉफी जीती थी। अब 2025 में न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराकर भारत तीसरी बार चैंपियनों का चैंपियन बना है। भारत की जीत पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई दिग्गजों ने बधाई दी है।