तेलअवीव (06 अक्टूबर 26)। एक भारतीय पायलट ने इजराइलियों की जान बचाई तो अब इजराइल भी उनके सम्मान में कृतज्ञता जाहिर करने में पीछे नहीं है। फ्लाईदुबई की उड़ान को दुर्घटना से बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान में इजराइल में विशाल पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें हिंदी में लिखा है- ‘धन्यवाद नायक’। मुंबई से शुरू हुआ सम्मान अब इजराइल की सड़कों तक पहुंच गया है। इससे पहले मुंबई स्थित इजराइल के महावाणिज्य दूत यानीव रेवाच ने भी कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को सलाम किया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि भारत को एक नया नायक मिला है और इजराइल उनका नाम कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कैप्टन स्मित को धन्यवाद देते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि इजराइल उनके स्वागत का इंतजार कर रहा है।
इससे पहले मुंबई में इजराइल के वाणिज्य दूतावास की ओर से कैप्टन स्मित के सम्मान में एक बड़ा विज्ञापन लगाया गया था। इसमें इजराइलियों की जान बचाने के लिए उनका आभार जताया गया था। अब इसी सम्मान की तस्वीर इजराइल में भी दिखाई दे रही है। एक राजमार्ग के किनारे लगे बड़े पोस्टर पर हिंदी में ‘धन्यवाद नायक’ लिखा दिखाई दिया। पूरा मामला फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान एफजेड1073 से जुड़ा है। उड़ान के दौरान ओमान के सह-पायलट पर कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर आपातकालीन कुल्हाड़ी से हमला करने और विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश का आरोप है। हमले में कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस समय विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। हमले के बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा और करीब 17 हजार फीट तक पहुंच गया। बेहद मुश्किल हालात के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं छोड़ी और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और विमान में मौजूद अतिरिक्त पायलटों ने स्थिति संभालने में मदद की। सह-पायलट को काबू में किया गया और विमान को सुरक्षित उतारा गया।