लखनऊ (06 जून 24)। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों से जाहिर है कि भाजपा के अहंकार का पतन हुआ है, और उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश आया है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश मंत्रिमंडल के 16 मंत्री लोकसभा चुनाव में अपनी विधानसभा हार गए हैं। केन्द्र में जो भाजपा 400 पार का नारा दे रही थी वह पूर्ण बहुमत में पाने से ही वंचित रह गयी। पार्टी कार्यालय की ओर से जारी बयान में यादव ने कहा कि अयोध्या में जनता ने भाजपा की आशाओं पर पानी फेर दिया। वहां की जनता दुःखदर्द से कराहती रही।
भाजपा सरकार ने गरीबों को उजाड़ दिया। उजड़े किसानों को पर्याप्त मुआवजा भी नहीं दिया गया। अपनी जमीन से उजड़े लोगों के पुनर्वास पर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजें में जनता ने सबक सिखा दिया।' उन्होंने कहा, ‘भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी पर लगाम नहीं लग रही है। किसान, नौजवान, व्यापारी, शिक्षक, अधिवक्ता सहित समाज का हर वर्ग परेशान है। नौजवानों की एक तिहाई जिंदगी बेकार हो गई है। उनका भविष्य अंधेरे में है। अग्निवीर योजना तुरन्त खत्म होनी चाहिए। जो जवान फौज में जाना चाहते हैं और उनकी उम्र समाप्त हो गई उन्हें फिर मौका मिलना चाहिए।' यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन का जहां तक सवाल है वह अब जनआकांक्षाओं का प्रतीक बन चुकी है।