देहरादून (12 अप्रैल 26)। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। शनिवार को उत्तराखंड के देहरादून स्थित डीएवी कॉलेज में आयोजित एक लाइव शो के दौरान उन्होंने स्टेज पर कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों के बीच हंगामा खड़ा हो गया।
जानकारी के अनुसार, मासूम शर्मा कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान परफॉर्मेंस के बीच उन्होंने कथित रूप से गाली का प्रयोग किया, जिससे माहौल अचानक गर्म हो गया। कुछ छात्रों ने इसका विरोध किया, जबकि कई दर्शकों ने इस व्यवहार को अनुचित बताया। यह पहली बार नहीं है जब मासूम शर्मा अपने स्टेज व्यवहार को लेकर विवादों में आए हैं। इससे पहले भी उनके खिलाफ मंच से आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर आलोचना हो चुकी है। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और आयोजकों पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स सिंगर के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं और सार्वजनिक मंचों पर जिम्मेदार आचरण की मांग कर रहे हैं।