Saturday, 03 Oct 2026

पीएम मोदी की अपील- एक साल तक न खरीदें सोना

सिकंदराबाद (11 मई 26)। पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष और उसके वैश्विक आर्थिक प्रभावों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आर्थिक सुरक्षा को लेकर एक बड़ा दांव खेला है। तेलंगाना के सिकंदराबाद में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने देशवासियों से 'आर्थिक देशभक्ति' दिखाने का आह्वान किया है। उन्होंने चिंता जताई कि भारत को खाद्य तेल, पेट्रोल और रासायनिक उर्वरकों के आयात के लिए विदेशी मुद्रा का एक बहुत बड़ा हिस्सा खर्च करना पड़ता है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की भावुक अपील की है। उन्होंने कहा, 'हमें विदेशी मुद्रा बचाने के लिए हर संभव रास्ता अपनाना होगा। सोने की खरीद में देश की विदेशी मुद्रा बहुत अधिक खर्च होती है। देशहित में हमें यह तय करना होगा कि साल भर हम न तो सोना खरीदेंगे और न ही सोना दान करेंगे'।

पीएम मोदी ने देश के हर परिवार को सुझाव दिया कि यदि वे अपने भोजन में खाद्य तेल के उपयोग में थोड़ी भी कमी करते हैं, तो इससे न केवल विदेशी मुद्रा भंडार की सेहत सुधरेगी, बल्कि नागरिकों का व्यक्तिगत स्वास्थ्य भी बेहतर होगा। उन्होंने इसे राष्ट्र निर्माण में एक छोटे लेकिन बड़े योगदान के रूप में पेश किया। ईंधन की बढ़ती कीमतों और विदेशी मुद्रा पर बढ़ते दबाव को देखते हुए पीएम ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने पर जोर दिया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अनावश्यक वाहन उपयोग से बचें और जहां संभव हो, मेट्रो, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दें। इसके साथ ही, उन्होंने 'वर्क फ्रॉम होम' और ऑनलाइन मीटिंग्स को फिर से बढ़ावा देने की बात कही। प्रधानमंत्री ने यह भी सलाह दी कि शादियों या छुट्टियों के लिए होने वाली विदेश यात्राओं को कुछ समय के लिए टाल देना देशहित में होगा।


Tags:

Follow us

This question is not available..!