यरूशलेम (02 अक्टूबर 26)। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को कहा कि दुबई-तेल अवीव फ्लाईदुबई उड़ान के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे अपने सह-पायलट का मुकाबला किया। मच्छार को 'सच्चा नायक' बताते हुए नेतन्याहू ने कहा, 'चाकू से हमला किए जाने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने सह-पायलट का मुकाबला किया और एक भयावह हादसा टल गया।'
प्रधानमंत्री ने कहा, 'मच्छार ने इजराइली नागरिकों और अन्य देशों के नागरिकों समेत 174 लोगों की जान बचाई। मैं कैप्टन मच्छर के शीघ्र और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वह सच्चे नायक हैं।' उन्होंने कहा, 'असाधारण बहादुरी दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को मेरा सलाम।' नेतन्याहू ने इससे पहले कहा था कि एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया और कथित तौर पर यात्रियों से भरे विमान को गिराने की कोशिश की। इजराइली मीडिया के अनुसार, फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान के भारतीय कैप्टन मच्छार ने तब एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया जब वह विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ गये। इस घटना के चलते विमान को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। हालांकि इस घटना के कुछ घंटों के बाद यात्री फ्लाईदुबई के दूसरे विमान से तेल अवीव लौट गये। समाचार वेबसाइट वाईनेट ने इज़राइली अधिकारियों के हवाले से बताया कि सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उस पर विमान को गिराने की कोशिश करने का संदेह था।
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए भारतीय कैप्टन अपने सह-पायलट से भिड़ गये और बाद में इज़राइली यात्रियों ने सह-पायलट को काबू करने में मदद की। इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू घोंप दिया और ऐसा लगता है कि उसने (हमलावर पायलट) ने यात्रियों को ले जा रहे विमान को गिराने की कोशिश की। नेतन्याहू ने कहा, 'उड़ान के दौरान, जब वे इज़राइल की तरफ आ रहे थे, तो एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया और ज़ाहिर तौर पर यात्रियों को ले जा रहे विमान को गिराने की कोशिश की।'
उन्होंने बताया कि एक इज़राइली यात्री ने उन्हें जानकारी दी कि विमान घूमने लगा और नीचे की ओर जाने लगा, जिसके बाद यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट में घुसने और उस पायलट को काबू करने में सफल रहे जिसने चाकू मारा था, और जो विमान की संचालन प्रणाली को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था। नेतान्याहू के अनुसार, इसके बाद चालक दल का एक और सदस्य कॉकपिट में घुसा और उसने विमान को स्थिर करने में मदद की। उन्होंने कहा, 'मैं उन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई जिंदगियां बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।'