नई दिल्ली (16 फरवरी 25)। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई और भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए, जिसमें 15 लोगों के मरने की खबर है। इस हादसे में कई लोग घायल भी हैं। बताया जा रहा है कि दो ट्रेनें देरी से चल रही थी, जिसके लिए लोग इंतजार कर रहे थे। पहले भगदड़ जैसे हालात के बीच दम घुटने की वजह से चार महिलाओं के बेहोश होने की खबर थी। घटना के बाद एनडीआरएफ ने मोर्चा संभाल लिया था। साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक प्लेटफार्म नंबर 12,13,14,15 और 16 पर बहुत अधिक भीड़ के कारण भगदड़ की स्थिति बन गई। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार कई दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रयागराज जाने के लिए रात 8 बजे अचनाक एक साथ नई दिल्ली स्टेशन पर कई लोग पहुंचने लगे, जिस वजह से वहां अफरा-तफरी मच गई। वहीं अब प्रयागराज के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं और जल्द से जल्द और भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाने की खबर सामने आ रही है। इस हादसे को लेकर रेल मंत्री ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।