Sunday, 27 Sep 2026

कल से भोपाल में एथलेटिक्स चयन ट्रायल्स

भोपाल (19 जुलाई 26)। मध्यप्रदेश के उभरते एथलीटों के लिए सोमवार से अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर शुरू होने जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित 'टैलेंट सर्च 2026-27' अभियान के अंतर्गत एथलेटिक्स (बालक/बालिका) के चयन ट्रायल्स 20 से 22 जुलाई 2026 तक टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल में आयोजित किए जाएंगे। इन ट्रायल्स के माध्यम से प्रदेशभर की प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें विभाग की खेल योजनाओं एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा।

टैलेंट सर्च 2026-27 केवल चयन प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के खेल भविष्य को नई दिशा देने का महाअभियान है। अभियान का उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की खोज करना है, जिनमें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता हो। चयनित खिलाड़ियों को विभाग द्वारा संचालित खेल अकादमियों एवं प्रशिक्षण योजनाओं के माध्यम से विशेषज्ञ कोचों का मार्गदर्शन, आधुनिक खेल सुविधाएं तथा वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। एथलेटिक्स चयन ट्रायल्स 20, 21 एवं 22 जुलाई को आयोजित होंगे। ट्रायल्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की प्रतिभा का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा, ताकि योग्य खिलाड़ियों को आगे की प्रशिक्षण प्रक्रिया से जोड़ा जा सके। विभाग ने सभी पात्र खिलाड़ियों से समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। टैलेंट सर्च 2026-27 के अंतर्गत प्रदेशभर में विभिन्न खेलों के चयन ट्रायल्स चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक जूडो, कुश्ती, बॉक्सिंग, फेंसिंग, शूटिंग, स्लैलम, कायकिंग-केनोइंग, घुड़सवारी, टेनिस एवं बैडमिंटन सहित अनेक खेलों के चयन ट्रायल्स सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!