Sunday, 27 Sep 2026

ईरान नरक में जाएगा या डील करेगा: ट्रंप

न्यूयार्क (23 सितंबर 26)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयोर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र को संबोधित करते हुए ईरान पर तीखा हमला बोला है। ट्रंप ने कहा कि अरब क्षेत्र में अशांति के लिए ईरान जिम्मेदार है और अमेरिका उसे कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाने देगा। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, 'ईरान नरक में जाएगा या फिर डील करेगा, अब बड़ा फैसला ईरान को ही लेना है'। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान में अब तक 10 हजार प्रदर्शनकारियों की हत्या की जा चुकी है और अमेरिकी सेना ने ईरान के 159 विमानों को नष्ट कर दिया है।

संबोधन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि ईरान यूरोप पर हमला करने वाला था, लेकिन उन्होंने समय रहते पूरी ताकत के साथ कार्रवाई करके ईरान को तबाह कर दिया और यूरोप को बड़े नुकसान से बचा लिया। मिड-टर्म चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान मामले का चुनावों पर कोई असर नहीं पड़ेगा और चुनावों के बाद ईरान से डील की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, गाजा के पुनर्निर्माण के संदर्भ में ट्रंप ने बताया कि 'गाजा पीस बोर्ड' में 30 से अधिक देश शामिल हैं, जिनमें अरब देश भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ट्रंप ने UNGA सत्र में अपने पुराने बयानों को दोहराते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यक्तिगत संबंधों, व्यापारिक नीतियों और टैरिफ के इस्तेमाल व धमकी के जरिए सालों और दशकों से चले आ रहे 8 युद्धों को सुलझाया है। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान तथा आर्मेनिया-अजरबैजान जैसे मुद्दों में शामिल लगभग हर देश ने उन्हें धन्यवाद पत्र लिखा है। ट्रंप के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने उन्हें बताया कि उन्होंने 3 करोड़ से अधिक लोगों की जान बचाई है। इसके साथ ही ट्रंप ने चेतावनी दी कि उनके पास टैरिफ लगाने की असीम शक्तियां हैं और जरूरत पड़ने पर वे इसका इस्तेमाल करेंगे।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर बोलते हुए ट्रंप ने दावा किया कि इस जंग में रोजाना करीब 25 हजार लोग मारे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संघर्ष को जल्द समाप्त कराने के लिए उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति दोनों से बातचीत की है और यह जंग जल्द ही खत्म हो जाएगी। अपने संबोधन की शुरुआत में ट्रंप ने विदेश नीति के बजाय घरेलू उपलब्धियों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने अमेरिकी शेयर बाजार के प्रदर्शन, 2025 तक गरीबी दर में कमी, दक्षिणी सीमा पर अवैध घुसपैठ पर रोक तथा शहरों में घटते अपराध का उल्लेख करते हुए कहा कि 'अमेरिका की सफल वापसी हो चुकी है और देश आज पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है'। संयुक्त राष्ट्र महासभा के इस 81वें सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर कर रहे हैं। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 26 सितंबर 2026 को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे।


Tags:

Follow us

This question is not available..!