नईदिल्ली (15 फरवरी 25 )। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं आज, 15 फरवरी 2025 से शुरू हो गई हैं। इस साल 42 लाख से ज्यादा छात्र इन परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं। देशभर के 7,842 परीक्षा केंद्रों के अलावा, ये परीक्षाएं दुनिया के 26 अन्य देशों में भी आयोजित की जा रही हैं।
CBSE द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, कक्षा 10 के 24,12,072 छात्र 84 विषयों की परीक्षा देंगे, जबकि कक्षा 12 के 17,88,165 छात्र 120 विषयों में परीक्षा देंगे। इस साल कुल 42,00,237 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे, जो पिछले साल की तुलना में 3,14,695 अधिक हैं। परीक्षा के पहले दिन कक्षा 10 के छात्र सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक अंग्रेजी (संचार) और अंग्रेजी (भाषा एवं साहित्य) की परीक्षा देंगे। वहीं, कक्षा 12 के छात्र उद्यमिता (Entrepreneurship) का पेपर देंगे। कक्षा 10 की परीक्षाएं 18 मार्च को और कक्षा 12 की परीक्षाएं 4 अप्रैल को समाप्त होंगी।