Sunday, 29 Nov 2026

विदेशी धरती पर भारत को बदनाम करना शर्मनाक: रिजिजू

नईदिल्ली (20 नवंबर 26)। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारत के लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और अर्थव्यवस्था को लेकर कथित तौर पर झूठे और निराधार बयान देने का आरोप लगाया है। शिकागो विश्वविद्यालय में भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को लेकर गांधी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रिजिजू ने कहा कि वह भारत के सच्चे प्रतिनिधि की तरह नहीं, बल्कि देश विरोधी ताकतों के मोहरे की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का विदेशी धरती पर भारत के खिलाफ इस तरह के आपत्तिजनक बयान देना बेहद शर्मनाक है।

रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की सोच भारत के संविधान, लोकतंत्र और परंपराओं का अपमान करने वाली हो गयी है और ऐसा प्रतीत होता है कि विदेशी भारत विरोधी ताकतें उन्हें लगातार उकसा रही हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी सच्चा भारतीय अपने देश के बारे में इस तरह की बातें नहीं करेगा। केंद्रीय मंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक जैसी प्रमुख वित्तीय संस्थाएं भी भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था मानती हैं। उन्होंने कहा कि आईएमएफ भारत की संस्था नहीं है, इसके बावजूद राहुल गांधी यह दावा कर रहे हैं कि देश की अर्थव्यवस्था खत्म हो चुकी है। भारत की प्रगति को नकारकर राहुल गांधी वास्तव में खुद और देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने देश में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर राहुल गांधी की टिप्पणियों को भी खारिज किया। उन्होंने सवाल किया कि जो व्यक्ति सुबह से शाम तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सरकार की आलोचना करता है, वह किस आधार पर देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र नहीं होने की बात कहता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले अपने बयानों पर विचार करना चाहिए।

Tags:

Follow us

This question is not available..!