केमेरोवो (18 नवंबर 26)। रूस में एक बार फिर भीषण विमान हादसा सामने आया है, जहां केमेरोवो क्षेत्र में एक एएन-12 (An-12) विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान में हवा में ही अचानक आग लग गई थी, जिसके बाद विमान तेजी से नीचे की ओर गिरा और जमीन से टकराते ही उसमें जोरदार धमाका हो गया।
रूसी मीडिया रेन टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, केमेरोवो क्षेत्र के गवर्नर इल्या सेरेड्यूक ने स्थानीय समयानुसार रात करीब 9:30 बजे इस हादसे की पुष्टि की। बताया गया है कि हवा में आग लगने के बाद क्रू मेंबर्स ने जलते हुए विमान को रिहायशी इमारतों से दूर ले जाने का प्रयास किया, ताकि जमीन पर जान-माल का बड़ा नुकसान न हो। यह विमान साइबेरिया के नोवोसिबिर्स्क से क्रास्नोयार्स्क क्राई के कांसक जा रहा था। गवर्नर इल्या सेरेड्यूक ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर तुरंत एक इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर स्थापित किया गया है। मौके पर पुलिस, आपातकालीन सेवाएं, मेडिकल टीम और नेशनल गार्ड के जवानों को तैनात किया गया है। विमान के क्रैश होने के असली कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
हादसे का शिकार हुआ एंटोनोव An-12 सोवियत समय का चार इंजन वाला सैन्य मालवाहक विमान है, जिसे 1950 के दशक में डिजाइन किया गया था। इस विमान का उपयोग मुख्य रूप से सैनिकों, सैन्य उपकरणों और सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए किया जाता है। रूस के सैन्य विमान हाल के दिनों में प्रशिक्षण और आवाजाही के दौरान कई बार हादसों का शिकार हुए हैं। इससे पहले अक्टूबर में भी बाल्टिक सागर के पास स्थित कैलिनिनग्राद क्षेत्र में एक नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान रूस का Su-30 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।