Monday, 23 Nov 2026

रूस का यूक्रेन पर सबसे बड़ा हवाई हमला

मास्को/कीव (05 नवंबर 26)। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक बार फिर आसमान से मौत और तबाही बरसी है। रूस ने यूक्रेन के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। यूक्रेनी रक्षा बलों के मुताबिक, हमले में 289 ड्रोन और 76 मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। अस्पतालों और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाए जाने से आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 2 नवंबर की रात खारकीव के सिटी क्लिनिकल अस्पताल पर हुए हमले में 73 लोग घायल हो गए। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, मिसाइल का विस्फोट अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के पास हुआ, जहां गंभीर मरीजों का इलाज चल रहा था। खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोव ने बताया कि हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि अस्पताल की इमारतों की 1,000 से अधिक खिड़कियों के शीशे टूट गए।

रूस के हमलों में ओडेसा, चेरकासी, जितोमिर, विन्नित्सिया, खारकीव, नीप्रो, चेरनिव्त्सी, चेरनिहिव और रिवने के ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया गया। जितोमिर के गवर्नर विटाली बुनेचको के अनुसार, हमले के बाद 1.8 लाख से अधिक लोग बिजली के बिना रह गए। ओडेसा में बिजली ग्रिड को बचाने के लिए कड़े बिजली कटौती नियम लागू करने पड़े। इससे एक दिन पहले रूस ने यूक्रेन में मानवीय सहायता वितरण केंद्र को निशाना बनाया था। इस हमले में 33 लोगों की मौत हो गई थी। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार निगरानी मिशन की प्रमुख डेनिएल बेल ने कहा कि सहायता वितरण केंद्र की जगह और समय की जानकारी पहले से सार्वजनिक थी।संयुक्त राष्ट्र ने नागरिकों और अस्पतालों पर हमलों को लेकर चिंता जताई है। उसका कहना है कि ऐसे हमले अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन हो सकते हैं।

रूस के हमलों के बीच यूक्रेन ने भी जवाबी कार्रवाई तेज कर रखी है। यारोस्लाव्ल क्षेत्र की एक प्रमुख तेल रिफाइनरी पर यूक्रेनी ड्रोन हमले के बाद भीषण आग लग गई। क्षेत्रीय गवर्नर मिखाइल येवरायेव के मुताबिक, इस घटना में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए। यूक्रेन लगातार रूस के ईंधन और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाकर उसकी युद्ध क्षमता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। जंग के बीच कूटनीतिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के मुताबिक, अगले सप्ताह अबू धाबी में अमेरिका, रूस और यूक्रेन के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है। इसके अलावा अमेरिकी वार्ताकार ब्रुसेल्स में फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ और नाटो के प्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा गारंटी पर चर्चा करेंगे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!