Tuesday, 17 Nov 2026

रहमान गुल BLA का नया कमांडर-इन-चीफ

क्वेटा (16 नवंबर 26)। पाकिस्तान में सक्रिय अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने अपने नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है। संगठन ने रहमान गुल उर्फ मुरीद को नया कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया है। खास बात यह है कि रहमान गुल पहले पाकिस्तानी सेना में कैप्टन के पद पर तैनात रह चुका है। सेना छोड़ने के बाद वह BLA में शामिल हो गया था और संगठन की महत्वपूर्ण सैन्य इकाई मजीद ब्रिगेड की जिम्मेदारी भी संभाल चुका है। BLA के मुताबिक, नए प्रमुख की नियुक्ति वरिष्ठ कमांड काउंसिल के सदस्यों और सभी कमांडरों की सहमति से की गई है।

रहमान गुल का जन्म 14 अगस्त 1984 को पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के नौशकी में हुआ था। उसने पेशावर विश्वविद्यालय से पढ़ाई की। साल 2002 में वह पाकिस्तानी सेना में भर्ती हुआ और 19वीं फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में तैनात रहा। उसने करीब आठ साल तक कैप्टन के पद पर सेवाएं दीं। हालांकि, साल 2010 में उसने पाकिस्तानी सेना छोड़ दी और बलूच लिबरेशन आर्मी से जुड़ गया। इसके बाद वह संगठन में तेजी से आगे बढ़ा और एक प्रमुख सैन्य कमांडर के रूप में उसकी पहचान बनी। BLA में शामिल होने के बाद रहमान गुल को संगठन की अहम सैन्य इकाई मजीद ब्रिगेड की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। यह संगठन की आत्मघाती हमलों से जुड़ी इकाई मानी जाती है। इस ब्रिगेड का नाम पाकिस्तान में सुरक्षा बलों और चीनी नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए कई हमलों के संदर्भ में सामने आता रहा है। मार्च 2025 में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर हुए हमले की जिम्मेदारी भी BLA ने ली थी। इस घटना के बाद संगठन की गतिविधियों और उसकी सैन्य रणनीति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हुई थी।

BLA ने 3 नवंबर को बशीर जेब बलूच को कमांडर-इन-चीफ के पद से हटाने का ऐलान किया था। इसके बाद संगठन की प्रशासनिक, सैन्य और नीतिगत जिम्मेदारियां वरिष्ठ कमांड काउंसिल को सौंप दी गई थीं। अब रहमान गुल को नया कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किए जाने के साथ संगठन में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। BLA का दावा है कि इस नियुक्ति पर वरिष्ठ कमांड काउंसिल के सभी सदस्यों और कमांडरों की सहमति थी। रहमान गुल की नियुक्ति को संगठन के भीतर एक महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!