उज्जैन (17 अगस्त 26)। नागपंचमी, सावन सोमवार और भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी एक ही दिन होने के कारण श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, अब तक करीब 6.19 लाख श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। इस बीच दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ की अफवाह में कुछ समय के लिए अफरा तफरी मच गई और इस में कुछ लोग घायल हो गए। घायलों में सागर निवासी किसनपुरा, सजीव चौधरी निवासी दरभंगा बिहार, ख़ुशी राव ग्वालियर, हरीश निवासी वासना गुजरात, तुलसी निवासी गुजरात, जय धवन निवासी गुजरात और लखन, सोनम सिंह के घायल होने की पुष्टि हुई है।
इसी बीच मंदिर में अफरातफरी और अव्यवस्था से जुड़ी ख़बरों को श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने भ्रामक बताते हुए उनका पूर्णतः खंडन किया है।
समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक होने के कारण विभिन्न मार्गों पर लंबी कतारें जरूर बनीं, लेकिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम दर्शन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं। मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक एवं प्रमाणित सूचनाओं पर ही विश्वास करें। साथ ही, किसी भी अपुष्ट या भ्रामक खबर को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। महाकाल मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।