भोपाल (05 नवंबर 26)। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के सहयोग से गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटरमें मध्यप्रदेश एक्सपोर्ट एंड एफटीए कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन किया गया। कॉन्क्लेव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग और म.प्र. औद्योगिक विकास निगम ने विदेश व्यापार महानिदेशालय और भारत व्यापार संवर्धन संगठन के साथ मिलकर कॉन्क्लेव आयोजित की। कॉन्क्लेव में प्रदेश के 800 से अधिक निर्यातकों और उद्यमियों ने सहभागिता की। कॉन्क्लेव में तकनीकी सत्र, उद्घाटन सत्र, तीन पैनल चर्चाएँ, दो प्रेजेंटेशन और समापन पर फायरसाइड चर्चा हुई। परिसर में 7 शासकीय संस्थाओं के और प्रदेश के ओडीओपी एवं जीआई उत्पादों के 14 स्टॉल लगाए गए।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने कहा कि देश के कुल निर्यात में लगभग आधा हिस्सा एमएसएमई का है। चीन में बिजली, श्रम और अधोसंरचना की लागत बढ़ने से भारत और मध्यप्रदेश के निर्माताओं के लिए विश्व बाजार में बड़ा अवसर बना है, और इसका लाभ लेने के लिए उद्यमी उत्पादन का पैमाना और क्षमता बढ़ाएँ, जिससे प्रति इकाई लागत घटे। उन्होंने कहा कि यूके और यूरोपीय संघ के साथ समझौतों में परिधान पर जीरो शुल्क के लिए उत्पाद में भारतीय अंश अधिक होना आवश्यक है, और पीएम मित्र पार्क में फाइबर से कताई और बुनाई तक का पूरा काम होने से प्रदेश के परिधान निर्यातकों को इसका लाभ मिलेगा। मंत्री काश्यप ने उद्योग संगठनों से कहा कि वे हर उद्योग की निर्यात संभावनाएँ खोजकर शासन के पास लाएँ, और आश्वासन दिया कि छोटे या बड़े किसी भी उद्योग का व्यापार बढ़ाने के लिए नीति में बदलाव की आवश्यकता होगी, तो राज्य शासन वह भी करेगा।
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने उद्योग को व्यापार समझौतों का लाभ लेने के गुर बताए। उन्होंने कहा कि सरकार समझौते से बाजार का रास्ता खोलती है, खरीददार तक पहुँचना गुणवत्ता और कीमत से तय होता है, और समझौता निर्यातक को प्रतिस्पर्धी से आगे निकलने की अतिरिक्त बढ़त देता है। उन्होंने 1 लाख करोड़ रुपये के लक्ष्य के लिए उद्योग संगठनों को तीन कदम बताएः पहला, अपने क्षेत्र के कम से कम पाँच ऐसे उत्पाद चुनें जिनमें निर्यात की सबसे अधिक क्षमता है; दूसरा, इन उत्पादों के लिए एफटीए साझेदार देशों में सबसे संभावनाशील बाजार पहचानें; तीसरा, उन इकाइयों को चिन्हित करें जो इस स्तर तक निर्यात कर सकती हैं। मुख्य सचिव बर्णवाल ने कहा कि उद्योग और शासन मिलकर काम करें, तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा तय 1 लाख करोड़ रुपये के निर्यात का लक्ष्य एक वर्ष में प्राप्त किया जा सकता है। फार्मा उद्योग की समस्या पर उन्होंने जानकारी दी कि निर्यात आदेश मिलने पर औषधि लाइसेंस में उत्पाद जोड़ने की स्वीकृति में अब दो दिन से अधिक नहीं लगेंगे, और म.प्र. औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक को उद्योग संगठनों के साथ नियमित संवाद मंच बनाने के निर्देश दिए।
मंत्री काश्यप और मुख्य सचिव बर्णवाल ने कॉन्क्लेव में निर्यातकों के लिए पांच व्यवस्थाओं का शुभारंभ किया। मध्यप्रदेश एफटीए कार्य योजना 2026-27 में सात उद्देश्यों के अंतर्गत 31 कार्य बिंदु हैं। निर्यातकों के लिए एफटीए हैंडबुक में हर उत्पाद के लिए समझौते का लाभ, उत्पत्ति का नियम और संपर्क की जानकारी है। एफटीए हेल्पडेस्क के फोन नम्बर 0755-2577145 पर और export.investment@mpidc.co.inपर निर्यातक प्रश्न पूछ सकते हैं। एमपी ट्रेड पोर्टल के एफटीए मॉड्यूल पर निर्यातक अपना उत्पाद चुनकर हर समझौते में लगने वाला शुल्क देख सकते हैं। एफटीए एक्सेलेरेटर में चार क्षेत्रों की 80 निर्यात इकाइयों को सही समझौता चुनने, प्रमाणन और मूल्य निर्धारण से लेकर विदेशी खरीदारों से बैठक तक सहयोग किया जाएगा।