भोपाल (29 अक्टूबर 26)। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस थानों एवं कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अक्टूबर माह में प्रदेश के भोपाल, सिवनी, छिंदवाड़ा एवं अलीराजपुर जिलों की विभिन्न पुलिस इकाइयों को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि पुलिस इकाइयों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली विकसित करने, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, आधारभूत सुविधाओं में सुधार तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करती है।
भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना बागसेवनिया, थाना अशोका गार्डन, थाना कोलार, थाना खजूरी एवं एडिशनल डीसीपी कार्यालय जोन-3 को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। इन पुलिस इकाइयों में थानों के जीर्णोद्धार, पुराने अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, पुलिसकर्मियों एवं आमजन के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था, परिसर के सौंदर्यीकरण तथा जनोन्मुखी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। इससे पूर्व थाना मिसरोद, थाना रातीबड़ एवं महिला थाना भोपाल को भी ISO प्रमाणन प्राप्त हो चुका है। थाना कोतवाली सिवनी एवं महिला थाना सिवनी को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इन पुलिस इकाइयों को अपराधों के प्रबंधन एवं नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनशांति, सुव्यवस्थित मालखाने, आधारभूत सुविधाओं तथा जनहितकारी पुलिस गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप प्रमाणित किया गया है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा थाना कोतवाली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण एवं उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन भी किया गया।
छिंदवाड़ा जिले में थाना मोहखेड़ की चौकी उमरानाला को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह जिले की प्रथम एवं एकमात्र ISO प्रमाणित पुलिस चौकी है। चौकी को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने तथा स्थानीय स्तर पर आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है। जिले में थाना उदयगढ़, थाना आजादनगर, थाना चांदपुर, थाना नानपुर, रक्षित केन्द्र अलीराजपुर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय अलीराजपुर को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इन इकाइयों में कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने, अभिलेखों के उचित संधारण, आधारभूत सुविधाओं में सुधार तथा पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को गुणवत्ता प्रमाणन के माध्यम से मान्यता मिली है।
मध्यप्रदेश पुलिस में ISO 9001:2015 प्रमाणन की यह पहल केवल प्रमाणपत्र प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पुलिस इकाइयों की कार्यप्रणाली में मानकीकरण, जवाबदेही और निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत कार्यालयीन प्रक्रियाओं, अभिलेख संधारण, आधारभूत सुविधाओं, संसाधनों के व्यवस्थित उपयोग तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।