Sunday, 29 Nov 2026

भारत से फ्रांस तक प्रदर्शनों के पीछे मास्टरमाइंड एक

न्यूयार्क (25 अक्टूबर 26)। भारत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध से लेकर फ्रांस और यूरोप में चल रहे आंदोलनों तक, अलग-अलग देशों के प्रदर्शनों  को लेकर अमेरिकी पत्रकार असरा क्यू. नोमानी की रिपोर्ट ने कई सवाल  खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट में 101 संगठनों का जिक्र है जो यूरोप और एशिया में जेन जी को मोहरा बना कर  दंगों की आग भड़का रहे हैं।इनमें से कुछ के तार नेविल रॉय सिंघम से जुड़े बताए गए हैं। नेविल रॉय सिंघम, वही नाम है जो भारत समेत 13 देशों में हुए प्रदर्शनों से जुड़े  नेटवर्क को लेकर चर्चा में है। भारत में जब भी किसी बड़े मुद्दे पर सड़कें प्रदर्शनकारियों से भरती हैं, तो सवाल सिर्फ नारों का नहीं, उनके पीछे काम कर रहे संगठनों और फंडिंग के स्रोतों का भी पता लगाया जाता है। नेविल रॉय सिंघम का नाम इसी बहस के केंद्र में है। विदेशी फंडिंग और वामपंथी संगठनों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। अब फॉक्स न्यूज डिजिटल की नई रिपोर्ट ने भारत से लेकर फ्रांस तक सक्रिय संगठनों के आपसी संबंधों पर बहस तेज कर दी है। 

20 अक्टूबर को प्रकाशित रिपोर्ट में उन संगठनों पर सवाल उठाए गए हैं, जो विभिन्न देशों में राजनीतिक आंदोलनों और प्रदर्शनों से जुड़े रहे हैं। रिपोर्ट में फ्रांस, भारत सहित 13 देशों में एक ही स्टाइल में हिंसा और दंगों को लेकर और अन्य देशों में सक्रिय समूहों के बीच संपर्कों और साझा राजनीतिक अभियानों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल सहित कुछ ऐसे संगठनों का भी जिक्र है, जिनके संबंध सिंघम के नेटवर्क से बताए जाते हैं। आलोचकों का आरोप है कि इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय संपर्कों के जरिए अलग-अलग देशों में राजनीतिक मुद्दों को एक साझा अभियान का रूप दिया जा सकता है। रिपोर्ट सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस को घेरते हुए सवाल उठाए हैं। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने 10 अप्रैल 2025 को 10 जनपथ में प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। भाजपा ने सवाल किया कि क्या इस संगठन और कांग्रेस के बीच मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध प्रदर्शनों को लेकर कोई समन्वय था। राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा और नवंबर में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर भी सवाल उठाए गए। भाजपा का आरोप है कि राहुलगांधी की विदेशी संगठनों के साथ राजनीतिक संपर्कों की जांच होनी चाहिए।  

सिंघम का नाम भारत में पहली बार नहीं उछला है। 2023 में द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक जांच रिपोर्ट में उनके वित्तीय नेटवर्क और वामपंथी संगठनों को दी गई आर्थिक मदद का उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि उनके नेटवर्क से जुड़े कुछ संगठन चीन समर्थक विचारों को बढ़ावा देते हैं। इसके बाद न्यूजक्लिक की विदेशी फंडिंग को लेकर जांच तेज हुई। दिल्ली पुलिस ने अक्टूबर 2023 में पोर्टल के संस्थापक-संपादक प्रबीर पुरकायस्थ और मानव संसाधन विभाग के प्रमुख अमित चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने विदेशी धन के इस्तेमाल और चीन समर्थक प्रचार से जुड़े आरोप लगाए थे।हालांकि  न्यूजक्लिक ने भी अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से इनकार किया था।

Tags:

Follow us

This question is not available..!