नई दिल्ली (25 अक्टूबर 26)। भारत और पोलैंड ने वर्ष 2030 तक आपसी व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को नई दिल्ली में मुलाकात के बाद आर्थिक, निवेश और तकनीकी सहयोग को व्यापक बनाने पर जोर दिया। दोनों देशों के बीच खनिज संसाधनों, ऊर्जा, जहाज निर्माण, रक्षा, अंतरिक्ष और उन्नत तकनीक जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने की योजना है। डोनाल्ड टस्क की यह यात्रा 16 वर्षों में किसी पोलिश प्रधानमंत्री की भारत की पहली यात्रा है। इससे पहले वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया था। वह लगभग पांच दशक में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली पोलैंड यात्रा थी।
संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में मोदी ने कहा कि उनकी वारसॉ यात्रा ने भारत-पोलैंड संबंधों को नई गति देने में उत्प्रेरक की भूमिका निभाई। पिछले दो वर्षों में दोनों देशों के रिश्तों में तेजी आई है। टस्क ने कहा कि दोनों नेताओं ने अब तक हुए सहयोग के परिणामों की समीक्षा की और आने वाले वर्षों के लिए प्राथमिकताएं तय कीं। दोनों तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं के बीच आर्थिक, निवेश और तकनीकी संबंधों को गहरा करने के उपायों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों की आर्थिक ताकत रणनीतिक साझेदारी के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध कराती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का साझा लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल किया जाएगा।
पोलैंड के वित्त मंत्री आंद्रेज दोमान्स्की के अनुसार, भारत और पोलैंड के बीच व्यापार का कुल मूल्य 6 अरब डॉलर से कुछ अधिक है। उन्होंने कहा कि दोनों देश व्यापार बढ़ाना चाहते हैं और इसके लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि भारत के साथ व्यापार में पोलैंड का बड़ा घाटा है। पिछले वर्ष पोलैंड ने भारत को 1.4 अरब यूरो का सामान निर्यात किया, जबकि भारत से उसका आयात 4.3 अरब यूरो रहा। पोलैंड से भारत भेजे जाने वाले प्रमुख सामान में मशीनरी, खनिज उत्पाद और धातुएं शामिल हैं। भारत से पोलैंड मुख्य रूप से कपड़ा, मशीनरी और धातुओं का आयात करता है।