Sunday, 29 Nov 2026

बाहरी लोगों को वैध बनाना चाहती है कांग्रेस: नड्डा

भोपाल (05 नवंबर 26)। केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करने को लेकर बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बाहरी लोगों को 'सामान्य, मान्यता प्राप्त और वैध बनाने' की कोशिश कर रही है, क्योंकि इन लोगों के समर्थन से वह लंबे समय तक सत्ता में रही है।

नड्डा यहां आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली और पदयात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बाहरी लोगों की पहचान करने, उनके नाम मतदाता सूची से हटाने और उन्हें देश से बाहर भेजने के पक्ष में है। उन्होंने कांग्रेस पर निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को कमजोर करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'भाजपा के अमित शाह 'पहचान करो, नाम हटाओ और निर्वासित करो' की बात करते हैं। कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन क्या कहते हैं? वे कहते हैं कि बाहरी लोगों को सामान्य बनाओ, उन्हें मान्यता दो और वैध बनाओ। उनके आधार कार्ड और राशन कार्ड बनाओ तथा उन्हें यहां बसा दो।' नड्डा ने कहा, 'वे आपके मतदाता हैं, उन्हें मान्यता दो और भारतीय राजनीति का हिस्सा बनाओ। आप बताइए, क्या ऐसे लोगों की पहचान नहीं की जानी चाहिए? क्या उन्हें देश से बाहर नहीं भेजा जाना चाहिए?' उन्होंने लोगों से कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन को राजनीतिक रूप से बाहर करने की अपील भी की। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ऐसे देश की संस्था है, जिसे लोकतंत्र की जननी कहा जाता है और जहां लोगों की रगों में लोकतांत्रिक मूल्य प्रवाहित होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी यह सब किसी सकारात्मक उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनता का समर्थन हासिल करने में अपनी विफलता के कारण कर रही है। नड्डा ने कहा, 'उन्हें एहसास हो गया है कि अगले 20 से 30 वर्षों तक मतदाता उन्हें राजनीतिक परिदृश्य में कोई जगह नहीं देने वाले हैं। इसलिए उन्होंने निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाना शुरू कर दिया है।' उन्होंने कहा कि कांग्रेस का तर्क है कि यदि वह कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश की तरह चुनाव जीतती है तो राहुल गांधी पहलवान होते है, लेकिन चुनाव हारने पर निर्वाचन आयोग को बेईमान करार दिया जाता है। नड्डा ने कहा कि दुनिया के कई देशों में मतदाताओं को अपना नाम दर्ज कराने के लिए निर्वाचन कार्यालय जाना पड़ता है, जबकि भारत में बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराते हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!