Monday, 23 Nov 2026

बांग्लादेशी नेता की भारत को गीदड़ भभकी

ढाका (01 नवंबर 26)। बांग्लादेश के एक विपक्षी नेता ने अपने देश से होकर भारतीय ट्रांजिट कॉरिडोर बनाने की किसी भी कोशिश के खिलाफ चेतावनी दी है और दिसंबर में गंगा संधि की अवधि समाप्त होने से पहले नयी दिल्ली के साथ जल बंटवारे को लेकर एक निष्पक्ष समझौता करने की मांग की। स्थानीय मीडिया में आई खबरों से यह जानकारी मिली। नेशनल सिटीजन पार्टी के संयोजक नाहिद इस्लाम ने शुक्रवार को ढाका में एक रैली के दौरान यह बात कही, जिसमें पार्टी के सैकड़ों समर्थक शामिल हुए। इस रैली का मुख्य उद्देश्य बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद और बिजली, ऊर्जा एवं खनिज संसाधन मंत्री इकबाल हसन महमूद टुकू के इस्तीफे की मांग करना था। टुकू पर आरोप है कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा गैस और बिजली की कमी को दूर करने में नाकाम रहे हैं। रैली में, एनसीपी नेता ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार पर यह आरोप भी लगाया कि वह अपने देश से होकर एक भारतीय ट्रांजिट कॉरिडोर बनाने में मदद करने की कोशिश कर रही है।

बांग्लादेशी अखबार 'प्रोथोम आलो' और समाचार वेबसाइट 'BDNews24' के अनुसार, उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि अगर गंगा जल-बंटवारा समझौता ऐसी शर्तों पर नवीनीकृत नहीं किया गया, जिनसे नदी के जल में बांग्लादेश का हिस्सा सुरक्षित रहे, तो वे नये सिरे से विरोध-प्रदर्शन करेंगे। एनसीपी एक राजनीतिक दल है, जिसे फरवरी 2025 में छात्र-नेतृत्व वाले उस आंदोलन के नेताओं ने बनाया था, जिसने जुलाई-अगस्त 2024 के विरोध-प्रदर्शनों की अगुवाई की थी। इन्हीं प्रदर्शनों के चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटना पड़ा था। बीडीन्यूज24 के अनुसार, नाहिद ने कहा, 'जापान एक बार फिर बांग्लादेश के रास्ते एक कॉरिडोर बनाने की कोशिश कर रहा है। सरकार इस अवैध कॉरिडोर को भारत को सौंपने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान, हम साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि बांग्लादेश की जनता को ऐसा कोई भी अवैध कॉरिडोर मंजूर नहीं होगा।' रहमान ने 26 से 29 अक्टूबर तक जापान का दौरा किया। इस दौरान, दोनों देश अपनी 'बे ऑफ बंगाल इंडस्ट्रियल ग्रोथ बेल्ट' पहल को एक नयी रणनीतिक सहयोग पहल में बदलने पर सहमत हुए।

इस नयी पहल का मुख्य जोर कनेक्टिविटी को मजबूत करने, प्राकृतिक आपदाओं और भू-राजनीतिक जोखिम से निपटने के लिए तैयारी करने, आर्थिक विकास के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) को बढ़ावा देने, तथा शांति और स्थिरता के लिए सहयोग करने पर है। इसके अलावा, जापान अपनी विकास एजेंसी, जेआईसीए के माध्यम से आर्थिक सहायता देकर दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश में मातरबारी गहरे समुद्र बंदरगाह के विकास में सहयोग कर रहा है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!