काठमांडू (02 नवंबर 26)। नेपाल के दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में ट्रेकिंग के लिए गए छह भारतीय पर्यटकों के लापता होने से हड़कंप मच गया है। सभी पर्यटक शै-फोक्सुंडो झील की ओर जा रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, भारी बर्फबारी के कारण उनके रास्ते में फंस जाने की आशंका है। लापता पर्यटकों में दो महिलाएं और चार पुरुष हैं।अधिकारियों के अनुसार, भारतीय पर्यटक डोल्पो बुद्ध ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 और 8 से शै-फोक्सुंडो झील की ओर जा रहे थे। आखिरी बार उनके लापता होने की सूचना शै-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित नुमला दर्रे और बगला दर्रे के आसपास मिली थी। स्थानीय लोगों और मार्गदर्शकों को आशंका है कि हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण पर्यटक रास्ते में फंस गए हैं। बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवात अर्नब का भी क्षेत्र के मौसम पर असर पड़ा है।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, पर्यटकों को पहले ही चेतावनी दी गई थी कि भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी दर्रों को पार करना मुश्किल होगा। इसके बावजूद उन्होंने ऊंचाई वाले क्षेत्र की ओर यात्रा जारी रखी। आशंका है कि लौटते समय वे बर्फ में फंस गए। डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी जुनू हमाल ने पुष्टि की कि पर्यटक धो से फोक्सुंडो झील की ओर लौटते समय रास्ते में फंस गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने उन्हें खराब मौसम और पहाड़ी रास्तों की कठिनाइयों के बारे में आगाह किया था, लेकिन उन्होंने यात्रा जारी रखी। शै-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष धावा समदुक गुरूंग के मुताबिक, वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित पहाड़ी दर्रों में मोबाइल फोन का संपर्क उपलब्ध नहीं है। ऐसे में पर्यटकों की वास्तविक स्थिति और उनके ठिकाने के बारे में जानकारी जुटाना मुश्किल हो रहा है। डोल्पा के पुलिस उपाधीक्षक अनिल राज गिरी ने बताया कि ताजा जानकारी के अनुसार छह भारतीय पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों ने संबंधित एजेंसी से तलाशी और बचाव अभियान के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण तलाशी अभियान में बाधा आ रही है। पहाड़ों पर जमी मोटी बर्फ और मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता ने बचाव दलों की चुनौती बढ़ा दी है। पर्यटकों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने में मदद के लिए नेपाली सेना की एक टीम भी तैनात की गई है।