Sunday, 29 Nov 2026

त्रिपुरा में ग्रामीणों के हमले में बीएसएफ कर्मी घायल

सिपाहीजाला (04 नवंबर 26)। त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने के बाद ग्रामीणों के एक समूह ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर हमला कर दिया, जिसमें एक सहायक कमांडेंट सहित कम से कम तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को कलमचौरा थाना क्षेत्र में आशाबाड़ी सीमा चौकी के पास हुई इस घटना के सिलसिले में तीन महिलाओं सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

सिपाहीजाला के पुलिस अधीक्षक विजय देबबर्मा ने मंगलवार को बताया, 'सोमवार को आशाबाड़ी में तस्करी की संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इसमें सहायक कमांडेंट सहित बीएसएफ के कम से कम तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने बीएसएफ के एक वाहन में तोड़फोड़ की और सीमा प्रहरियों से हथियार छीनने की कोशिश की।' उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'घटना में सीधे तौर पर शामिल तीन महिलाओं सहित नौ ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है।' पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीएसएफ कर्मियों पर हमले में शामिल दस अन्य लोगों की भी पहचान की गई है, लेकिन उन्हें अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। देबबर्मा ने कहा कि पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को रिमांड पर लेने के अनुरोध के साथ स्थानीय अदालत में पेश किया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, बीएसएफ के त्रिपुरा फ्रंटियर की महानिरीक्षक प्रिंसी रानी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गांव का दौरा किया और सीमा प्रहरियों पर हुए हमले के बाद स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री साहा ने सोशल मीडिया पर कहा कि सुरक्षा बलों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, 'मैं आशाबाड़ी में उपद्रवियों के एक समूह द्वारा हमारे बहादुर बीएसएफ जवानों पर किए गए क्रूर हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हमारे सुरक्षा बलों के खिलाफ इस तरह की हिंसक घटनाएं पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इनकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए।' उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मियों पर किसी भी तरह का हमला गंभीर चिंता का विषय है और इससे कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाना चाहिए। त्रिपुरा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जितेंद्र चौधरी ने बीएसएफ कर्मियों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!