Sunday, 29 Nov 2026

कांग्रेस को रामलीला मैदान पर रैली के लिए मिली मंजूरी

नईदिल्ली (18 अक्टूबर 26)। दिल्ली में प्रदर्शनों को लेकर बढ़ती पाबंदियों के बीच कांग्रेस को राजधानी में शक्ति प्रदर्शन का मौका मिल गया है। दिल्ली पुलिस ने पार्टी को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिया है। मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक के लिए बुक रहेगा। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच टकराव जारी है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस ने सबसे पहले दिल्ली नगर निगम से रामलीला मैदान की उपलब्धता के बारे में जानकारी मांगी थी। निगम ने बताया कि मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपलब्ध है। इसके बाद पार्टी ने पुलिस से संपर्क कर रैली के आयोजन की अनुमति मांगी। सेंट्रल दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि कांग्रेस के साथ बातचीत और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा के बाद NOC जारी किया गया। अब पार्टी को यह प्रमाणपत्र MCD के पास जमा कराना होगा। इसके बाद आयोजन से जुड़ी तैयारियां आगे बढ़ाई जा सकेंगी। रामलीला मैदान का स्वामित्व MCD के पास है।

दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों के आयोजन को लेकर नियमों में सख्ती के बीच पुलिस ने तीन वैकल्पिक स्थलों की पहचान की है। इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का CBD मैदान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने के इच्छुक अन्य संगठनों और व्यक्तियों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति लेनी होगी। ऐसे में रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को मिली मंजूरी राजनीतिक प्रदर्शनों के लिए उपलब्ध स्थानों के संदर्भ में अहम मानी जा रही है।

कांग्रेस की प्रस्तावित रैली का समय राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध कर रहे हैं और इस प्रक्रिया को वापस लेने की मांग उठा रहे हैं। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है। पिछले कुछ हफ्तों में कांग्रेस और INDIA गठबंधन के अन्य दलों ने दिल्ली में इस मुद्दे पर विरोध-प्रदर्शन किए हैं। इन प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने भी कार्रवाई की है। सेंट्रल दिल्ली में एक प्रदर्शन के दौरान 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी। कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा रही है। पार्टी के साथ INDIA गठबंधन के सहयोगी दल भी इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर चुके हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!