Sunday, 29 Nov 2026

इजराइल में आज चुनाव: नेतन्याहू की अग्निपरीक्षा

यरुशलेम (27 अक्टूबर 26)। इजराइल में मंगलवार को होने वाले संसदीय चुनाव में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व की परीक्षा होगी। चुनाव में गाजा युद्ध, देश की सुरक्षा, सरकार की नीतियों और घरेलू राजनीतिक विवादों पर बहस के बीच मतदाता अपना फैसला सुनाएंगे। नेतन्याहू के सामने सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है, जबकि विपक्षी दल उनके दक्षिणपंथी गठबंधन को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी के नेता नेतन्याहू अलग-अलग कार्यकालों में लगभग 19 साल तक इजराइल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। उनके प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों में इजराइल रक्षा बलों के पूर्व प्रमुख गादी आइजेनकोट और पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट शामिल हैं।

आइजेनकोट याशर पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं। वह सुरक्षा के मुद्दे पर कड़ा रुख रखते हुए सुशासन के मामले में खुद को नेतन्याहू के विकल्प के रूप में पेश कर रहे हैं। वह पहले नेतन्याहू के युद्ध मंत्रिमंडल में पर्यवेक्षक थे, लेकिन युद्ध की स्पष्ट रणनीति के अभाव का आरोप लगाते हुए जून 2024 में इस्तीफा दे दिया था। वहीं, नफ्ताली बेनेट 'बयाचाड' गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री यायर लैपिड की येश अतिद पार्टी भी शामिल है। बेनेट फलस्तीन की स्वतंत्रता का विरोध करते हैं और कब्जे वाले पश्चिमी तट में इजराइली बस्तियों का समर्थन करते हैं। हालांकि, उन्होंने सुरक्षा और शासन के मुद्दों पर नेतन्याहू की आलोचना भी की है। सात अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व में हुए हमले में इजराइल में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे। इसके बाद इजराइल ने गाजा में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया, जिसमें हवाई हमले और जमीनी कार्रवाई शामिल रही। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से 74,000 से अधिक फलस्तीनियों की मौत हुई है और 1,75,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हमास के हमले को रोकने में विफलता, सुरक्षा व्यवस्था और युद्ध की रणनीति को लेकर नेतन्याहू सरकार से जवाबदेही की मांग चुनाव के प्रमुख मुद्दों में शामिल है। नेतन्याहू पर धोखाधड़ी, विश्वासघात और रिश्वतखोरी के आरोप भी हैं, जिन्हें वह खारिज करते हैं। अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय ने 2024 में कथित युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

Tags:

Follow us

This question is not available..!