Sunday, 29 Nov 2026

इजराइली हमले में हमास की राफा ब्रिगेड का कमांडर ढेर

गाजा (16 नवंबर 26)। इजराइली सुरक्षाबलों ने दक्षिणी गाजा में शनिवार देर रात किए गए हवाई हमलों में हमास के शीर्ष कमांडर समीर महमूद हसन अबू यूनुस को मार गिराया। इजराइल ने रविवार को इसकी जानकारी दी। हमास ने भी एक बयान जारी कर अपनी राफा ब्रिगेड के कमांडर अबू यूनुस की मौत की पुष्टि की है। संगठन के अनुसार, उसका अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। इजराइली सेना ने बताया कि शनिवार आधी रात के तुरंत बाद किए गए हमले में अबू यूनुस मारा गया। सेना के मुताबिक, वह हमास की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने के साथ-साथ इजराइल के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने का निर्देशन कर रहा था।

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले अबू यूनुस से पहले राफा ब्रिगेड के कमांडर रहे व्यक्ति को भी इजराइली हमले में मार दिया गया था। रविवार को इजराइली सेना ने हमास के अन्य लड़ाकों को भी निशाना बनाने की जानकारी दी, हालांकि उनके बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई। इस बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिकी हेलीकॉप्टर अड्डे पर स्थापित एक रडार प्रणाली को निशाना बनाया है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने यह जानकारी दी। हालांकि, अमेरिकी सेना की केंद्रीय कमान ने इस दावे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी केंद्रीय कमान ने बताया था कि उसने बहरीन की ओर बढ़ रहे ईरान के दो ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया। अमेरिकी सेना ने ईरान के उस दावे को भी खारिज किया था, जिसमें उसने बहरीन में अमेरिका की पूर्व चेतावनी रडार प्रणाली पर हमला करने की बात कही थी। उधर, यमन की राजधानी सना में हुए हवाई हमले में दो महिलाओं और दो बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह दावा किया है। उन्होंने हमले के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया, हालांकि इसके समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!