Sunday, 29 Nov 2026

इंडोनेशिया में अवैध सोने की खदान बनी मौत का कुआं

बोगोर (27 नवंबर 26)। इंडोनेशिया में सोने की एक अवैध खदान में पानी भरने के कारण फंसे 10 खनिकों की तलाश में बचावकर्मियों को बृहस्पतिवार को भारी जलभराव, अंधेरे, फिसलन और संकरे रास्तों जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। खदान से अब तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं। खनिक सोमवार देर रात खुदाई कर रहे थे, तभी भारी बारिश के कारण सिसेरेउह नदी का पानी पश्चिम जावा प्रांत के बोगोर जिले में स्थित खदान में भर गया। राजधानी जकार्ता के दक्षिण में स्थित पहाड़ी इलाके की इस खदान में पानी पूरी तरह भरने से पहले कई लोग सुरक्षित बाहर निकल आए थे। खदान की गहराई लगभग 100 मीटर बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि खनिक अवैध रूप से खनन कर रहे थे, इसलिए उन्हें घटना की तत्काल सूचना नहीं दी गई। स्थानीय खनिकों और निवासियों ने शुरुआत में खुद ही पंप की मदद से खदान से पानी निकालने की कोशिश की, लेकिन स्थिति उनके नियंत्रण से बाहर हो गई।

खदान में पानी भरने के करीब 16 घंटे बाद पुलिस को पहली बार खनिकों के फंसे होने की सूचना मिली। पास में स्थित सरकारी खनन कंपनी पीटी अंताम ने बुधवार को मध्यरात्रि के कुछ देर बाद जकार्ता खोज एवं बचाव एजेंसी को औपचारिक सूचना दी, जिसके बाद व्यापक बचाव अभियान शुरू किया गया। खोज एवं बचाव दल ने खदान से पानी निकालने के लिए सबमर्सिबल पंप का इस्तेमाल किया और उन जगहों को बंद करने की कोशिश की, जहां से भूजल का रिसाव हो रहा था। पश्चिम जावा पुलिस के प्रवक्ता हेंद्रा रोचमावान ने बताया कि अधिकारियों के अनुसार कम से कम 10 खनिक अब भी खदान में फंसे हुए हैं, जबकि बचावकर्मियों ने बृहस्पतिवार तक 16 शव बरामद किए हैं। रोचमावान ने कहा, 'चौथे दिन जीवित बचे लोगों के मिलने की संभावना बेहद कम है। हालांकि, हम तलाश जारी रखेंगे। इस समय यदि कोई जीवित मिलता है, तो यह किसी चमत्कार से कम नहीं होगा।'

जकार्ता खोज एवं बचाव एजेंसी की प्रमुख डेसियाना कार्तिका बहारी ने बताया कि खोज अभियान में 325 कर्मियों को लगाया गया है। अभियान में एक-दूसरे से सटी दो खदानों पर विशेष ध्यान दिया गया और पीड़ितों तक पहुंचने के लिए रस्सियों की मदद ली गई। यह जलमग्न खदान पीटी अंताम की पोंगकोर स्वर्ण खनन इकाई प्रतिष्ठानों के पास स्थित है। हालांकि, कंपनी ने कहा कि इस घटना का उसके खनन कार्यों से कोई संबंध नहीं है। इंडोनेशिया में असंगठित खनन आम बात है, जहां हजारों लोग खतरनाक परिस्थितियों में काम करते हैं। खनिकों को भूस्खलन, बाढ़ और सुरंगों के ढहने जैसे खतरों का सामना करना पड़ता है। वहीं, सोने के प्रसंस्करण में अक्सर जहरीले पारे और साइनाइड का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि श्रमिकों के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण भी नहीं होते हैं।  

Tags:

Follow us

This question is not available..!