Monday, 23 Nov 2026

अब E100 ईंधन से चलेंगी फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियां

नईदिल्ली (27 अक्टूबर 26)। सड़क परिवहन मंत्रालय ने सोमवार को 'केंद्रीय मोटर वाहन नियम 1989' में बदलावों की अधिसूचना जारी की। इसके तहत ऐसे फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को अनुमति दी गई है, जो E100 (लगभग शुद्ध इथेनॉल) तक के ईंधन पर चल सकते हैं। सड़क परिवहन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि E20 (20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) से लेकर E100 तक का ईंधन केवल उन्हीं वाहनों के लिए है, जिन्हें इसके इस्तेमाल के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन और प्रमाणित किया गया है। यह अन्य वाहनों पर लागू नहीं होगा। जो वाहन E20 या सामान्य ईंधन का उपयोग करते हैं, वे E85 या E100 ईंधन का इस्तेमाल नहीं कर सकते।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इन संशोधनों के जरिए उत्सर्जन प्रमाणन के नियमों को अपडेट किया गया है, जिसमें E85 के साथ-साथ E100 को भी स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है। मंत्रालय ने आगे कहा, 'इन ईंधनों के लिए प्रमाणित वाहनों को अपनी श्रेणी पर लागू होने वाले उत्सर्जन और सुरक्षा मानकों को पूरा करना होगा। इस अधिसूचना में बायोडीजल से जुड़े नियमों को भी अपडेट किया गया है और कुछ तकनीकी सुधार किए गए हैं।' इसके अलावा, सरकार ने इन बदलावों के दायरे में आने वाले हल्के पेट्रोल और डीजल वाहनों के लिए वजन की सीमा को 3,000 किलोग्राम से बढ़ाकर 3,500 किलोग्राम कर दिया है।

इस साल जून में, मारुति सुजुकी इंडिया ने भारत का पहला फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर वाहन पेश किया। कंपनी ने 'वैगन आर फ्लेक्स फ्यूल' लॉन्च किया, जो E20 से लेकर E100 तक के इथेनॉल-पेट्रोल मिश्रण पर चलने में सक्षम है। सरकार इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा दे रही है। यह आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने की रणनीति का हिस्सा है, जो देश के 'करंट अकाउंट डेफिसिट' के मुख्य कारणों में से एक है। देश में पहले ही E20 ईंधन पेश किया जा चुका है, जिसमें 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है। फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को E85 (85 प्रतिशत इथेनॉल, 15 प्रतिशत पेट्रोल) और E100 (लगभग 100 प्रतिशत इथेनॉल) जैसे उच्च इथेनॉल मिश्रणों पर चलने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह उन पारंपरिक पेट्रोल वाहनों से अलग है, जो वर्तमान में केवल कम इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन के लिए स्वीकृत हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!