नईदिल्ली (21अक्टूबर 26)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विजयादशमी के पावन अवसर पर देश के नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि हमें देश के दुश्मनों से मिलकर लड़ना होगा। दिल्ली में आयोजित दशहरा कार्यक्रम में भाग लेते हुए उन्होंने तीन ताकतों को देश के खिलाफ बताया और राष्ट्रहित में सभी संस्थाओं व राजनीतिक दलों को एकजुट होने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में संबोधन के साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर भी विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि देश के मान-सम्मान को चोट पहुंचाने वाली ताकतें, समाज को बांटने वाले लोग और हमारी संस्कृति से नफरत करने की मानसिकता-ये देश के दुश्मन हैं। प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब विपक्षी पार्टियों की तरफ से देश में 'रिजीम चेंज' यानी सत्ता परिवर्तन कराने को लेकर सड़कों पर विरोध प्रदर्शन और मार्च किए जा रहे हैं। दिल्ली में विजयादशमी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारे विचार समान होने चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सभी संस्थाओं और सभी राजनीतिक दलों को देश के हित के लिए एक साथ खड़े होना होगा। हमें इसी भावना पर चलना होगा और देश के दुश्मनों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो या चुनौती कितनी भी कठिन हो, हमें दूसरों के भरोसे नहीं बैठना चाहिए। हमें अपना सामर्थ्य पहचानना होगा, अपने संसाधनों पर विश्वास करना होगा और परिश्रम से समाधान निकालना होगा। प्रभु श्रीराम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब समुद्र सामने था और लंका दूर थी, तब भी श्रीराम का संकल्प अडिग था; उन्होंने जनता की सामूहिक शक्ति और जनभागीदारी को अपना संबल बनाकर असंभव लक्ष्य को संभव बनाया। अपनी सांस्कृतिक धरोहरों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सदियों तक भारत की धरोहरों को लूटकर विदेश ले जाया गया, लेकिन आज उन्हें वापस लाया जा रहा है। बीते 12 सालों में 650 से ज्यादा प्राचीन मूर्तियों को भारत वापस लाया जा चुका है और भारत अपने सांस्कृतिक केंद्रों को दुनिया में नई पहचान दिला रहा है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें साहस देता है कि शत्रु कितना भी बड़ा हो, जब हम सच्चाई और मानवता के साथ होते हैं तो अंत में जीत हमारी ही होती है।