वाशिंगटन (14 फरवरी 25)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) माइकल वाल्ट्ज से मुलाकात की। मोदी, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए बुधवार शाम अमेरिका की राजधानी पहुंचे। वाल्ट्ज के साथ यह बैठक दिन की उनकी (प्रधानमंत्री की) पहली बैठक थी। इस बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर और एनएसए अजीत डोभाल भी मौजूद थे। अमेरिकी राष्ट्रपति के अतिथि गृह ब्लेयर हाउस पहुंचने के बाद मोदी ने बुधवार को अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से मुलाकात की। मोदी ने ‘एक्स' पर कहा, ‘इस पद पर उनकी नियुक्ति को लेकर उन्हें बधाई दी। भारत-अमेरिका मैत्री के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिसकी वह हमेशा से प्रबल समर्थक रही हैं।' मोदी से मुलाकात से कुछ घंटे पहले ही गबार्ड ने ट्रंप की मौजूदगी में राष्ट्रीय खुफिया विभाग की आठवीं निदेशक के रूप में पद की शपथ ली
इसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को वाशिंगटन में स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क से मुलाकात की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने मस्क को अपने प्रशासन के नवगठित सरकारी दक्षता विभाग (डीओजीई) का प्रमुख चुना था। मस्क अपने तीन छोटे बच्चों के साथ ब्लेयर हाउस पहुंचे, जो मोदी से मुलाकात के दौरान उनके साथ बैठे हुए थे। एलन मस्क के साथ मीटिंग के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, एलन मस्क के साथ वाशिंगटन डीसी में बहुत अच्छी मुलाकात हुई। हमने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें स्पेस, मोबिलिटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे मुद्दे भी शामिल हैं, जिनके प्रति वह पैसनेट हैं। मैंने रिफॉर्म और 'मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नमेंट ' को आगे बढ़ाने की दिशा में भारत के प्रयासों के बारे में बात की।'