नईदिल्ली (07 मार्च 26)। अनुज अग्निहोत्री ने 2025 की सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। इस परीक्षा के परिणाम शुक्रवार को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने घोषित किए। राजेश्वरी सुवे एम ने दूसरा स्थान और आकांश धुल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
आयोग ने बताया कि कुल 958 उम्मीदवार परीक्षा में सफल हुए हैं और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। सिविल सेवा परीक्षा हर वर्ष तीन चरणों- Preliminary Exam, Main Exam and Interview- में आयोजित की जाती है। इसे UPSC द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित अन्य सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन करने के लिए आयोजित किया जाता है। आयोग के अनुसार, अनुशंसित 348 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी को अस्थायी (प्रोविजनल) रखा गया है। केंद्र सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भरने के लिए कुल 1,087 रिक्तियों की जानकारी दी थी। UPSC के परिसर में परीक्षा हॉल के पास एक 'फैसिलिटेशन काउंटर' भी है। उम्मीदवार कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक व्यक्तिगत रूप से या फोन नंबर 23385271/23381125/23098543 पर अपनी परीक्षा/भर्ती से संबंधित किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए संपर्क कर सकते हैं। पिछले साल 25 मई को प्रारंभिक परीक्षा हुई थी। इसके बाद मुख्य परीक्षा का आयोजन 22 अगस्त से 31 अगस्त, 2025 के बीच हुआ, जिसमें हजारों की भीड़ छंटकर केवल चुनिंदा मेधावी ही आगे बढ़ पाए। इस कठिन पड़ाव को पार करने वाले 2,736 अभ्यर्थियों को अंतिम साक्षात्कार (पर्सनैलिटी टेस्ट) के लिए आमंत्रित किया गया था।