Sunday, 29 Nov 2026

NSE बना दुनिया का 5वां सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज

मुंबई (22 नवंबर 26)। भारतीय शेयर बाजार ने वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) मार्केट कैपिटलाइजेशन के मामले में दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा लिस्टेड एक्सचेंज ऑपरेटर बन गया है। इसने अमेरिका के नैस्डैक और हॉन्ग कॉन्ग स्टॉक एक्सचेंज (HKEX) को पीछे छोड़ दिया है। NSE के शेयरों में लगातार तीसरे कारोबारी दिन तेजी आने से कंपनी के मार्केट कैप में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। इन तीन दिनों में कंपनी का शेयर 8 फीसदी उछला है। इसके साथ ही NSE भारत की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में भी शामिल हो गया है।

शुक्रवार को NSE के शेयरों में BSE पर कारोबार के दौरान 2.8 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई और इसका भाव 2,251 रुपए पर पहुंच गया। इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 5,54,499 करोड़ रुपए यानी करीब 59.65 अरब डॉलर हो गया। इस बढ़त के साथ NSE ने कोटक महिंद्रा बैंक और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को पीछे छोड़ दिया है। कोटक महिंद्रा बैंक का मार्केट कैप करीब 5.03 लाख करोड़ रुपए, जबकि एलआईसी का मार्केट कैप 5.15 लाख करोड़ रुपए है। सोमवार को ही NSE का मार्केट कैप पहली बार 5 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचा था।

दुनिया के प्रमुख स्टॉक एक्सचेंजों में NSE की स्थिति मजबूत हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, नैस्डैक का मार्केट कैप 57.6 अरब डॉलर और हॉन्ग कॉन्ग एक्सचेंज एंड क्लियरिंग का मार्केट कैप 57.38 अरब डॉलर है। वहीं, न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज की पैरेंट कंपनी इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज करीब 95 अरब डॉलर के मार्केट कैप के साथ दुनिया की सबसे बड़ी लिस्टेड एक्सचेंज कंपनी है। NSE का शेयर 24 सितंबर को BSE पर लिस्ट हुआ था। इसके बाद से कंपनी के शेयर में लगातार तेजी देखने को मिली है। इस महीने अब तक NSE का शेयर करीब 26 फीसदी चढ़ चुका है, जबकि इसी अवधि में बेंचमार्क BSE में लगभग 10 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।

भारतीय कंपनियों की मार्केट वैल्यू के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज 18.38 लाख करोड़ रुपए के साथ पहले स्थान पर है। भारती एयरटेल 13.41 लाख करोड़ रुपए के साथ दूसरे और जियो प्लेटफॉर्म्स 12.79 लाख करोड़ रुपए के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद HDFC बैंक, ICICI बैंक, SBI, TCS, बजाज फाइनेंस और L&T जैसी कंपनियां शामिल हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!