नईदिल्ली (07 अगस्त 26)। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की सतर्कता से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। CISF कर्मियों की सूझबूझ और व्यवहार आधारित जांच के आधार पर एक अंतरराष्ट्रीय यात्री को रोका गया, जिसके पास बड़ी मात्रा में दवाएं और फार्मास्युटिकल उत्पाद पाए गए।
जानकारी के अनुसार, यह यात्री दिल्ली से अदीस अबाबा (इथियोपिया) जाने वाली उड़ान पकड़ने वाला था। स्क्रीनिंग के दौरान CISF जवानों को यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसकी जांच की गई। यात्री के सामान की कस्टम अधिकारियों की मौजूदगी में गहन जांच की गई। जांच के दौरान उसके पास से 19 अलग-अलग प्रकार की दवाएं और फार्मास्युटिकल उत्पाद बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत करीब ₹35.97 लाख बताई गई है। पूछताछ के दौरान यात्री बरामद दवाओं को ले जाने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही कोई संतोषजनक जवाब दे पाया। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए यात्री को बरामद सामग्री और उसके सामान सहित कस्टम अधिकारियों को सौंप दिया गया। CISF ने बताया कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क निगरानी, आधुनिक जांच तकनीकों और व्यवहार आधारित प्रोफाइलिंग का इस्तेमाल किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के बेहतर तालमेल से एयरपोर्ट सिक्योरिटी मजबूत हो रहा है।