Tuesday, 29 Sep 2026

CBSE OSM विवाद: चेयरमैन, सचिव का तबादला

नईदिल्ली (03 जून 26)। देश के सबसे बड़े शिक्षा बोर्ड, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को बोर्ड का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब बोर्ड मूल्यांकन प्रणाली और ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) को लेकर विवादों में घिरा हुआ है। लोखंडे प्रशांत सीताराम 2001 बैच के AGMUT कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। प्रशासनिक सेवा में आने से पहले वे एक तकनीकी विशेषज्ञ रहे हैं। उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री ली और मुंबई के NITIE से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। उनके पास तकनीकी और प्रबंधन दोनों क्षेत्रों की गहरी समझ है।

इसके पूर्व केंद्र सरकार ने CBSE के चेयमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का मंगलवार को बोर्ड से तबादला कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा के लिए अपनाई गई डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली में कथित अनियमितताओं के मद्देनजर यह कदम उठाया। सीबीएसई उस समय विवादों में घिर गई, जब कक्षा 12 के कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि बोर्ड की ओर से अपलोड की गई उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन प्रतियां उनकी लिखावट से मेल नहीं खातीं। इससे ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली में उत्तर पुस्तिकाओं के मिलान में संभावित गड़बड़ी को लेकर चिंताएं बढ़ गईं। अधिकारियों के मुताबिक, सरकार ने सीबीएसई के चेयरमैन और सचिव का तबादला कर दिया है। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा प्रक्रिया में ओएसएम प्रणाली के कार्यान्वयन को लेकर छात्रों और अभिभावकों ने चिंताएं जताई हैं। तकनीकी खामियों, भुगतान संबंधी विफलताओं और सत्यापन एवं पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में देरी को लेकर भी बोर्ड को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!