नईदिल्ली (15 अप्रैल 26)। CBSE यानि Central Board of Secondary Education ने दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम ऐलान कर दिया है। बता दें कि इस साल 25 लाख छात्रों ने पेपर दिए थे। छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट्स cbse.gov.in और results.cbse.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। कक्षा 10 की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। इसी तरह एमपी बोर्ड ने भी हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है।
CBSE के जिन बच्चों का रिजल्ट आना है वे डिजी लॉकर पर जाकर परिणाम देख सकते हैं। यहां पर छात्र साथ ही अपना मार्कशीट भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट, उमंग (UMANG) ऐप पर जाकर भी अपना परिणाम देख सकते हैं। एक बार फिर से दसवीं के रिजल्ट में बेटियों ने बाजी मारी है। बोर्ड ने फिलहाल टॉपर लिस्ट का ऐलान नहीं किया है। इधर मध्य प्रदेश में आज 10वीं-12वीं कक्षा के नतीजे घोषित किए गए हैं। प्रदेश भर में छात्र-छात्राओं के अच्छे प्रदर्शन को लेकर खुशी की लहर है। वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 73.42 प्रतिशत एवं कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम 76.01 प्रतिशत रहा। कक्षा 10वीं के परिणामों में जनजातीय जिलों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। अनूपपुर जिले ने अग्रणी स्थान हासिल किया, जबकि आलीराजपुर जिला दूसरे स्थान पर रहा। इसी प्रकार हायर सेकेंड्री परीक्षा में सर्वाधिक सफलता वाले जिलों में झाबुआ प्रथम स्थान पर रहा, जबकि अनूपपुर द्वितीय स्थान पर रहा।