प्रतापगढ़ (16 मई 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि पूरा देश कह रहा है कि इस सरकार (भाजपा-राजग) का तीसरा कार्यकाल और दमदार होगा। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए दावा किया, 'चार जून के बाद मोदी सरकार बनेगी ही बनेगी, लेकिन इतना भर ही नहीं, चार जून के बाद ‘इंडी' गठबंधन खटाखट-खटाखट टूटकर बिखर जाएगा।'
प्रधानमंत्री ने यहां राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ के मैदान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार संगम लाल गुप्ता के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'पूरा देश कह रहा है कि इस सरकार का तीसरा कार्यकाल और दमदार होगा।' उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए दावा किया, 'चार जून के बाद मोदी सरकार बनेगी ही बनेगी, लेकिन इतना भर ही नहीं, चार जून के बाद ‘इंडी' गठबंधन खटाखट-खटाखट टूटकर बिखर जाएगा।'
विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, 'इंडी गठबंधन वाले देश से भाजपा-राजग की स्थिर सरकार हटाना चाहते हैं और इनके पास सरकार चलाने का फार्मूला है कि वे पांच साल में पांच दलों के पांच ‘पीएम' (प्रधानमंत्री) बनाएंगे।' मोदी ने कहा, ''यानी हर साल एक नया ‘पीएम'। ये चाहते हैं कि भानुमति का कुनबा जोड़ने वालों को लूट का बराबर मौका मिले।'
मोदी ने सवाल उठाया, 'क्या आपको पांच साल में पांच ‘पीएम' मंजूर है? क्या पांच ‘पीएम' देश को चला सकते हैं? क्या वे देश को बर्बाद नहीं करेंगे?' उन्होंने दावा किया,' ‘इंडी' गठबंधन में वही लोग हैं जो सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं। इनका एजेंडा क्या है, ये कह रहे कि कश्मीर में अनुच्छेद 370 बहाल कर देंगे। मोदी ने सीएए का जो कानून बनाया है, उसको वे रद्द कर देंगे।' उन्होंने कहा, 'ये लोग मोदी के खिलाफ वोट जेहाद की अपील कर रहे हैं। कांग्रेस के शहजादे के साथी ने बताया कि उनकी सरकार बनेगी तो वह राम लला को फिर से टेंट में भेज देंगे, रामलला को ताला लगा देंगे लेकिन ये लोग भूल रहे हैं कि ये मोदी है, मोदी के रहते यह नामुमकिन है। ऐसा सोचने वालों को देश टेंट में रहने पर मजबूर कर देगा।'
मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उनको दो शहजादे करार देते हुए कहा कि देश चलाना सोने के चम्मच लेकर पैदा हुए बच्चों का खेल नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए दावा किया, 'चार जून के बाद मोदी सरकार बनेगी ही बनेगी, लेकिन इतना भर ही नहीं चार जून के बाद इंडी गठबंधन खटाखट-खटाखट टूटकर बिखर जाएगा।' राहुल गांधी अपने भाषण में ‘इंडिया' गठबंधन की सरकार बनने पर गरीबों के खाते में खटाखट-खटाखट पैसे जाने का दावा करते हैं।