इंदौर (15 मई 25)। मध्यप्रदेश की पहली मेट्रो रेल इंदौर में शुरू होने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद इंदौरवासियों का मेट्रो में सफर करने का सपना पूरा होगा। हालांकि यह सफर केवल 5.6 किलोमीटर का ही होगा, जिसमें मेट्रो पांच स्टेशन के बीच चलेगी। इंदौरवासी गांधी नगर और एससी-3 मेट्रो स्टेशन के बीच यात्रा कर सकेंगे। मेट्रो रेल की सौगात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 मई 2025 को इंदौर सहित प्रदेशवासियों को देंगे। पीएम मोदी वर्चुअल रूप से मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी दिन इंदौर में पहली बार कैबिनेट बैठक का आयोजन भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित उनका पूरा मंत्रिमंडल भी इंदौर में रहेगा।
इंदौर में मेट्रो रेल सेवा आरंभ करने के निर्देश दिल्ली से प्रदेश सरकार को दिए गए हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच यदि पिछले दिनों युध्द नहीं होता तो स्वयं प्रधानमंत्री मोदी इंदौर आकर प्रदेश की पहली मेट्रो रेल सेवा को हरी झंडी दिखाते। लेकिन अब पीएम मोदी वर्चुअल यह सौंगात देने जा रहे हैं। इंदौर में बुधवार को मेट्रो लोकर्पण के लिए हलचल दिखाई दी। मेट्रो रेल कॉपोर्रेशन ने सामान्य दिनों की अपेक्षा ट्रेन के फैरे अधिक लगाए। पूरे आयोजन के संबंध किसी भी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की ,लेकिन सूत्रों के हवाले से यह जरूर बताया कि कार्यक्रम तय हो चुका है। वहीं दूसरी ओर भोपाल के अधिकारियों ने कलेक्टर आशीष सिंह से इंदौर मेट्रो और आईएसबीटी बस स्टैंड को लेकर पूछताछ की है। 20 मई का दिन इंदौर के लिए ऐतिहासिक होगा, जब कैबिनेट बैठक के साथ प्रदेश के सबसे बड़े बस ट्रर्मिनल और मेट्रो रेल का लोकार्पण होगा। इंदौर विकास प्राधिकरण ने कुमेड़ी में 1400 बसों के संचालन की क्षमता वाला बस स्टैंड बनाया है, जो मेट्रो कनेक्टेड भी है।