मुंबई (22 अप्रैल 25)। सोना खरीदने की सोचने के पहले एक बार आज के भाव पर नजर डाल लीजिये। आज सोने के दाम ने नई ऊंचाइयों को छू लिया है। आज यानी 22 अप्रैल 2025 को सोने ने एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड की कीमत पहली बार ₹1 लाख के पार पहुंच गई है, जिसने निवेशकों और आम ग्राहकों, दोनों को चौंका दिया है। महज एक दिन में 3000 रुपये की उछाल ने बाजार में हलचल मचा दी है।
स्वर्ण बाज़ार में आये उछाल के बाद आज 24 कैरेट सोना 10 ग्राम ₹1,01,350 रूपये की ऐतिहासिक कीमत पर पहुंच गया है। इधर चांदी की बात करें तो वो भी पीछे नहीं है। 1 किलो चांदी की कीमत आज ₹1,01,000 पर चल रही है। अंतरराष्ट्रीय तनाव: अमेरिका और चीन के बीच फिर से तनाव गहराया है, जिससे निवेशक सुरक्षित विकल्प यानी सोने की ओर भाग रहे हैं। डॉलर में उतार-चढ़ाव और वैश्विक टैरिफ नीति ने भी सोने को नई ऊंचाई तक पहुंचाया है। कुछ दिन पहले तक एक्सपर्ट्स कीमतों में गिरावट की बात कर रहे थे, लेकिन अब तेजी का अनुमान ज़्यादा मज़बूत हो गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर: लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन गोल्ड का वैश्विक बेंचमार्क सेट करता है। भारत में: इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन इंटरनेशनल रेट में टैक्स, ड्यूटी आदि जोड़कर घरेलू कीमत तय करता है। बाजार में विशेषज्ञों की राय बंटी हुई है। कुछ मानते हैं कि ये सोने की रफ्तार का बस शुरुआत है, तो कुछ इसे 'पॉइंट ऑफ सैचुरेशन' मान रहे हैं। अगर आप लॉन्ग टर्म निवेश की सोच रहे हैं तो थोड़ा इंतज़ार करना समझदारी हो सकती है।