पटना (01 जून 25)। रिलेशनशिप विवाद के बीच आरजेडी सुप्रीमो लालूप्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव का एक और पोस्ट सामने आया है, जिसमें उन्होंने भाई तेजस्वी यादव पर प्यार लुटाया है। उन्होंने ख़ुद को कृष्ण और तेजस्वी को अर्जुन बताया है।
तेजप्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा,'मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने का सपना देखने वालों ,तुम कभी अपनी साजिशों में सफल नहीं हो सकोगे, कृष्ण की सेना तो तुम ले सकते हो लेकिन खुद कृष्ण को नहीं। हर साजिश को जल्द बेनकाब करूंगा। बस मेरे भाई भरोसा रखना मैं हर परिस्थिति में तुम्हारे साथ हूं,फिलहाल दूर हूं, लेकिन मेरा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ था और रहेगा। मेरे भाई मम्मी-पापा का ख्याल रखना,जयचंद हर जगह है अंदर भी और बाहर भी।'
बता दें कि इससे पहले तेजप्रताप यादव ने माता-पिता यानी लालू यादव और राबड़ी देवी के लिए इमोशनल पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने उनसे प्यार की गुहार लगाई। उन्होंने पार्टी और परिवार दोनों से निकाले जाने के लिए साजिशों को भी दोषी ठहराया। तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'मेरे प्यारे मां और पिताजी.... मेरी पूरी दुनिया सिर्फ आप दोनों हैं। आप और आपका दिया हुआ कोई भी आदेश भगवान से भी बड़ा है। आप हैं तो मेरे पास सबकुछ है। मुझे सिर्फ आपका भरोसा और प्यार चाहिए और कुछ नहीं। उन्होंने आगे लिखा, 'पापा, अगर आप नहीं होते तो ये पार्टी नहीं होती और ना ही जयचंद जैसे लालची लोग होते जो मेरे साथ राजनीति करते हैं। बस मम्मी पापा, आप दोनों हमेशा स्वस्थ और खुश रहें।