लॉस एंजिल्स (21 अक्टूबर 25)। अमेरिका में एक बेहद खौफनाक हवाई हादसा उस वक्त टल गया जब यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट के विंडशील्ड ने आसमान में जवाब दे दिया। बोइंग 737 मैक्स 8 विमान 36,000 फीट की ऊंचाई पर था, जब अचानक उसके कॉकपिट की विंडशील्ड हवा में ही चटक गई। उड़ान में शामिल 140 से ज्यादा यात्रियों के लिए यह पल किसी बुरे सपने से कम नहीं था।
घटना उस समय हुई जब फ्लाइट डेनवर से लॉस एंजिल्स की ओर जा रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, विंडशील्ड के टूटते ही विमान तेजी से करीब 10,000 फीट नीचे आ गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया और विमान को साल्ट लेक सिटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार दिया। इस पूरे घटनाक्रम में एक पायलट को हाथ में चोट लगी, लेकिन सौभाग्य से सभी यात्री सुरक्षित रहे। वायरल हो रही तस्वीरों में टूटी हुई विंडशील्ड पर जलने जैसे निशान और पायलट के हाथ पर घाव साफ दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह दरार किस वजह से आई। विशेषज्ञों का मानना है कि विमान की विंडशील्ड को पक्षी टकराव और दबाव में बदलाव जैसी स्थितियों के लिए मजबूती से डिजाइन किया जाता है, लेकिन अगर कोई बाहरी वस्तु अत्यधिक गति से टकरा जाए तो यह सुरक्षा भी बेकार हो सकती है।
यूनाइटेड एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा कि सभी यात्रियों को एक दूसरे विमान – बोइंग 737 मैक्स 9 – में बैठाकर उनकी यात्रा पूरी करवाई गई। पायलट की हालत स्थिर है और किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। हालांकि, एयरलाइन की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि विंडशील्ड में आई दरार का कारण क्या था। फिलहाल इस घटना की गहन जांच की जा रही है। तकनीकी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हवा में उड़ते वक्त इतनी मजबूत संरचना वाला हिस्सा अचानक कैसे फेल हो गया। बोइंग के विमानों पर पहले भी कई बार सवाल उठते रहे हैं