नईदिल्ली (01 मई 24)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस द्वारा मतदान प्रतिशत के आंकड़े जारी नहीं करने को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाना विपक्ष की हताशा और घबराहट को दर्शाता है क्योंकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें जीतने जा रहा है। कांग्रेस ने पहले चरण के तहत हुए मतदान से संबंधित आंकड़े जारी करने में देरी के लिए मंगलवार को निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा था। आयोग ने उसी शाम समग्र आंकड़े जारी किए थे।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' एक वायरस से संक्रमित है और इसका ‘वैक्सीन' देश के नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि चार जून को जब फैसला आएगा तो उसके नेताओं बोलती बंद हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में विपक्ष कहीं नहीं दिखेगा और लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अपने विश्वास की फिर से पुष्टि करेंगे। उच्चतम न्यायालय द्वारा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिए डाले गए मतों के वीवीपैट के साथ पूर्ण सत्यापन की मांग वाली याचिकाओं को हाल ही में खारिज किए जाने का जिक्र करते हुए भाटिया ने कहा कि समस्या निर्वाचन आयोग या ईवीएम के साथ नहीं बल्कि विपक्ष के साथ है।