भोपाल (07 अक्टूबर 24)। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने के लिये शासकीय सेवाओं को सशक्त करने के साथ निजी क्षेत्रों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। निजी स्वास्थ्य संस्थानों ने कोविड काल में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रदाय में सराहनीय कार्य किया है। मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं में शीर्ष में ले जाने के लिए सशक्त प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास, मैनपावर और आधुनिक उपकरण उपलब्धता के लिये व्यवस्थाएँ की गयी हैं। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को सशक्त किया जा रहा है ताकि नागरिकों को निकट स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में ही स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हो सकें। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने होटल जहांनुमा पैलेस भोपाल में मध्यप्रदेश नर्सिंग होम एसोसिएशन (एमपीएनएचए) भोपाल के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जन स्वास्थ्य को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्राप्त हुआ है। अब 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी वरिष्ठ नागरिक आयुष्मान योजना का लाभ पा सकेंगे। आयुष्मान योजना का यह विस्तार वरिष्ठ नागरिकों के राष्ट्र-सेवा में योगदान का सम्मान है।