नईदिल्ली (16 मई 24)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आम आदमी पार्टी (आप) सांसद स्वाति मालीवाल के साथि कथित तौर पर हुई मारपीट के मामले में पुलिस की टीम बृहस्पतिवार को यहां चार घंटे से अधिक समय तक उनके आवास पर रही। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपर पुलिस आयुक्त पी.कुशवाहा के नेतृत्व में टीम घटना की जानकारी लेने के लिए अपराह्न एक बजकर करीब 50 मिनट पर राज्यसभा सदस्य मालीवाल के आवास पर गई। कुशवाहा के साथ महिला पुलिस अधिकारी भी थीं। दिल्ली पुलिस के अफसर दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर यहां आए थे। स्वाति मालीवाल के फ्लैट की टावर के बाहर सीआरपीएफ के 4-5 जवानों को तैनात किया गया था।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्वाति मालीवाल ने अपने बयानों में सोमवार 13 तारीख का पूरा घटनाक्रम बताया। किन हालातों में उन्होंने पीसीआर कॉल की उसके बारे में भी पुलिस को बताया। पुलिस ने उनके बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की। आप की राज्यसभा सांसद ने स्पेशल सेल के एडीशनल सीपी प्रमोद कुशवाह और एडीशनल डीसीपी नॉर्थ अंजीता के सामने बयान दर्ज कराए।
गौरतलब है कि स्वाति मालीवाल जब सीएम आवास पर पहुंची थीं तो उनके साथ मुख्यमंत्री के निजी सहायक विभव कुमार ने अभद्रता की। इसके बाद स्वाति मालीवाल सिविस लाइंस थाने पहुंची थीं। वहां पर उन्होंने कोई लिखित शिकायत नहीं दी। इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी की भी प्रतिक्रिया सामने आई। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि ये घटना निंदनीय है और इस मामले में सीएम कार्रवाई करेंगे।