Sunday, 27 Sep 2026

स्पेन ने अर्जेंटीना को हराकर फीफा वर्ल्ड कप जीता

न्यू जर्सी (20 जुलाई 26)। रोमांचक मुकाबले में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर स्पेन वर्ल्ड चैंपियन बन गया है। मैच का एकमात्र गोल 106वें मिनट में फेरान टोरेस ने किया। गौरतलब है कि स्पेन ने 16 साल बाद वर्ल्ड कप जीता है। आखिरी बार स्पेन ने 2010 में विश्व कप ट्रॉफी उठाई थी, वहीं अर्जेंटीना को आखिरी मिनटों में बराबरी का सुनहरा मौका मिला, लेकिन उसे लियोनेल मेसी की टीम गोल में तब्दील नहीं कर पाई। 

न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में यह ऐतिहासिक फाइनल मुकाबला खेला गया। यहां 82 हजार से भी ज्यादा लोग एकसाथ बैठकर मुकाबले को लाइव देख रहे थे। 

अर्जेंटीना और स्पेन, दोनों टीम अब तक टूर्नामेंट में अपराजित रही थी। सबसे गजब की बात यह है कि स्पेन की टीम ने अब तक पूरे वर्ल्ड कप में सिर्फ एक गोल खाया है। सेमीफाइनल में चैंपियन बनने की दावेदार फ्रांस को रौंदते हुए स्पेन ने फाइनल का सफर तय किया था, वहीं अर्जेंटीना ने आखिरी मिनटों में वापसी करते हुए इंग्लैंड को हराया था। स्पेन और अर्जेंटीना अब तक फुटबॉल इतिहास में 14 बार आमने-सामने आए हैं। दोनों टीमों ने 6-6 बार एक-दूसरे को शिकस्त दी है और उनके 2 मुकाबले ड्रॉ पर छूटे थे। वहीं वर्ल्ड कप के इतिहास में स्पेन और अर्जेंटीना केवल एक बार आमने-सामने आए हैं। उनकी एकमात्र वर्ल्ड कप की भिड़ंत 1966 में हुई, जब अर्जेंटीना ने 2-1 से मुकाबला जीता था। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!