Monday, 28 Sep 2026

स्कूली वक्त अपनी क्षमताओं को विकसित करने का दौर

भोपाल (12 अगस्त 24)। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि स्कूल का समय बच्चों के लिये अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें विकसित करने का महत्वपूर्ण दौर होता है। ऐसे समय उन्हें सही मार्गदर्शन दिया जाना महत्वपूर्ण होता है। स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह आज भोपाल में पंडित सुंदर लाल शर्मा केन्द्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान में तीन दिवसीय करियर कैम्प को संबोधित कर रहे थे। कैंप का मुख्य विषय 'अनुभवात्मक शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धा' था।

स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि हमारे देश में आजादी के बाद सभी क्षेत्रों उल्लेखनीय तरक्की की है। उन्होंने कहा कि आज के समय बच्चों के लिये असीमित क्षेत्रों में बढ़ने और सफलता पाने के अवसर उपलब्ध हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा कभी व्यर्थ नहीं जाती, इसे प्राप्त करने के हर अवसर का उपयोग किया जाना चाहिए। प्रदेश की बढ़ती खेल गतिविधियों की चर्चा करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में भी आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में संस्थान के संयुक्त निदेशक दीपक पालीवाल ने बताया कि इस कैम्प में छात्रों को विभिन्न आधुनिक तकनीकों और कैरियर विकल्पों की जानकारी दी जा रही है। जिसमें ड्रोन उड़ाने की तकनीक, थ्री डी प्रिटिंग, ब्लॉक प्रिंटिंग और कृषि जैसे विषय शामिल हैं। कैम्प में दौलतराम इंजीनियरिंग सर्विसेस प्राईवेट लिमिटेड के पदाधिकारी  सी.पी. शर्मा ने बताया कि विद्यार्थी प्रारंभिक अवस्था में कौशल हासिल कर लेता है, तो उसे नौकरी तलाश करने की जरूरत नहीं पड़ती। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!