Saturday, 10 Oct 2026

सीएम ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से की भेंट

नईदिल्ली (31 जुलाई 25)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को पार्लियामेंट हाउस नई दिल्ली में सौजन्य भेंट की और पुष्प-गुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। साथ ही डॉ. यादव ने गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह सहित अनेक केंद्रीय मंत्रियों से भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को मध्यप्रदेश की उपलब्धियों एवं नवाचार पर केंद्रित पुस्तिका 'विरासत से विकास की राह' भेंट की। पुस्तिका में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास, गरीबी उन्मूलन, जनजाति कल्याण, किसान कल्याण, नारी शक्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुशासन, शहरी विकास, अधोसंरचना विकास, पर्यटन एवं संस्कृति संरक्षण और पर्यावरण संबंधी गतिविधियों एवं उपलब्धियों का ब्यौरा शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाल ही में मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के लिए की गई दुबई एवं स्पेन की यात्रा में मिली सफलता की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के चहुँमुखी विकास के लिए प्रधानमंत्री  मोदी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ आबादी को हमेशा मिलता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में प्रधानमंत्री श्री मोदी के आशीर्वाद से विकसित भारत @ 2047 के विजन में मध्यप्रदेश भी अपना पूरा योगदान देगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरूवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया और मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था और दुग्ध-सहकारिता गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर प्रदेश में ऊर्जा, नगरीय विकास क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट कर नई शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन सहित पाठ्यक्रमों में राष्ट्रभक्तों और महापुरूषों की जीवनियों के शामिल किए जाने संबंधी प्रगति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री  भूपेंद्र यादव से सौजन्य भेंट कर 'एक पेड़ मां के नाम', 'एक बगिया मां के नाम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों और जल गंगा संवर्धन अभियान के परिणामों से भी अवगत करवाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय मंत्रीगण को प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति की जानकारी प्रदान की गई।

Tags:

Follow us

This question is not available..!